भारत 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली में 18वें ब्रिक्स नेताओं के शिखर सम्मेलन की मेजबानी करने जा रहा है। विदेश मंत्रालय ने दो दिवसीय सम्मेलन का कार्यक्रम जारी कर दिया है। सम्मेलन का आयोजन भारत मंडपम में होगा, जिसमें ब्रिक्स सदस्य देशों के नेताओं के साथ साझेदार देशों और आमंत्रित प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है।
12 सितंबर का कार्यक्रम
पहले दिन ब्रिक्स सदस्य देशों के नेताओं का भारत मंडपम पहुंचना शुरू होगा। कार्यक्रम के अनुसार दोपहर 2 बजे नेताओं का आगमन और आधिकारिक फोटो सेशन होगा। इसके बाद 2:35 बजे ‘समावेशी वैश्विक शासन और बहुपक्षवाद को मजबूत करने’ विषय पर बंद कमरे में बैठक होगी।
और पढ़ें: कड़ी सुरक्षा और ट्रैफिक प्लान के साथ ब्रिक्स सम्मेलन के लिए तैयार दिल्ली, 22 डायवर्जन प्वाइंट चिन्हित
शाम 4:25 बजे नेता ‘भारत इनोवेट्स प्रदर्शनी’ का दौरा करेंगे। इसके बाद 5:05 बजे सदस्य देशों के नेताओं का सामूहिक फोटो सेशन और 5:10 बजे संयुक्त वृक्षारोपण कार्यक्रम होगा। रात 7:30 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत मंडपम में राजकीय रात्रिभोज की मेजबानी करेंगे।
13 सितंबर का कार्यक्रम
दूसरे दिन सुबह 9:55 बजे ब्रिक्स साझेदार देशों और आमंत्रित प्रतिनिधियों के नेताओं का आगमन होगा। 10:35 बजे सामूहिक फोटो सेशन और 10:50 बजे खुला सत्र आयोजित किया जाएगा। इसका विषय ‘लचीलापन, नवाचार, सहयोग और स्थिरता: समावेशी वैश्विक विकास के भविष्य को आकार देना’ होगा।
भारत ने 2026 के लिए ब्रिक्स की अध्यक्षता संभाली है। इस वर्ष समूह का मुख्य फोकस लचीलापन, नवाचार, सहयोग और स्थिरता पर है। भारत की अध्यक्षता में 25 से अधिक शहरों में 350 से ज्यादा बैठकें और उच्चस्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं।
ब्रिक्स में वर्तमान में 11 पूर्ण सदस्य हैं—ब्राजील, रूस, भारत, चीन, दक्षिण अफ्रीका, मिस्र, इथियोपिया, इंडोनेशिया, ईरान, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात। इंडोनेशिया जनवरी 2025 में पूर्ण सदस्य बना था।
ब्रिक्स साझेदार देशों में बेलारूस, बोलीविया, क्यूबा, कजाखस्तान, मलेशिया, नाइजीरिया, थाईलैंड, युगांडा, उज्बेकिस्तान और वियतनाम शामिल हैं।
भारत की अध्यक्षता में होने वाला यह सम्मेलन पूरे वर्ष चले ब्रिक्स कार्यक्रमों का प्रमुख समापन बिंदु माना जा रहा है। इसमें वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों के साथ सदस्य देशों के बीच सहयोग मजबूत करने पर चर्चा होगी।
और पढ़ें: पुतिन-पीएम मोदी की शुक्रवार को मुलाकात में छाएगा एसयू-57 लड़ाकू विमान सौदा, ब्रिक्स सम्मेलन से पहले होगी द्विपक्षीय वार्ता