दिल्ली में शनिवार, 10 अक्टूबर को प्रस्तावित कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रदर्शन से पहले सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया है। इसके बावजूद पार्टी मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन करने पर अड़ी हुई है। चुनाव संबंधी प्रक्रियाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में यह प्रदर्शन बुलाया गया है।
नई दिल्ली और जंतर-मंतर के आसपास के क्षेत्रों में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत प्रतिबंध लागू किए गए हैं। राजधानी के प्रमुख स्थानों पर पुलिसकर्मियों और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों को तैनात किया गया है। कई जगह बैरिकेडिंग की गई है और हजारों सुरक्षाकर्मी व्यवस्था संभाल रहे हैं।
38 ट्रेनें रद्द, 45 मेट्रो स्टेशन बंद
प्रदर्शन के मद्देनजर रेलवे ने 9 और 10 अक्टूबर को कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनें रद्द की हैं। सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच दिल्ली पहुंचने वाली 38 ट्रेनें रद्द किए जाने की जानकारी दी गई है। नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशनों के आसपास संभावित यातायात जाम को देखते हुए यह फैसला लिया गया।
और पढ़ें: दिल्ली में सीजेपी के जंतर-मंतर प्रदर्शन को अनुमति नहीं, पुलिस ने बताई 10 दिन पहले आवेदन की शर्त
दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) के अनुसार, शनिवार सुबह 9 बजे से अगले आदेश तक दिल्ली मेट्रो के 45 स्टेशन बंद रहेंगे। ये स्टेशन स्थिति सामान्य होने तक बंद रखे जाएंगे।
एनसीआरटीसी के अंतर्गत आने वाले सराय काले खां और न्यू अशोक नगर नमो भारत स्टेशन भी शुक्रवार रात 9 बजे से शनिवार रात 10 बजे तक बंद रखने की जानकारी दी गई है।
बसों, इंटरनेट और बाजारों पर भी असर
प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली की सीमाओं पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। प्रदर्शनकारियों को लेकर आने वाली बसों और वाहनों को नई दिल्ली क्षेत्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। सीमावर्ती इलाकों की निगरानी ड्रोन कैमरों से भी की जा रही है।
रिपोर्ट के अनुसार, जंतर-मंतर के चार किलोमीटर के दायरे में शुक्रवार रात 10 बजे से शनिवार रात 10 बजे तक इंटरनेट सेवाएं बंद रखने की योजना है।
वहीं, नई दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन ने एहतियातन कनॉट प्लेस की दुकानों, कार्यालयों, रेस्तरां और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को शनिवार को बंद रखने की सलाह दी है। भागीरथ पैलेस का बिजली बाजार भी बंद रखने की घोषणा की गई है।
और पढ़ें: दिल्ली पुलिस ने सीजेपी को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति देने से किया इनकार, सुरक्षा का हवाला