अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चीन को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि चीन अमेरिका की जासूसी करता है, लेकिन अमेरिका भी चीन के साथ ऐसा ही करता है। ट्रंप के इस बयान के बाद दोनों देशों के बीच जासूसी और खुफिया गतिविधियों को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
ट्रंप ने कहा कि चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की आगामी अमेरिका यात्रा के दौरान वह उनसे लगभग हर मुद्दे पर बातचीत करेंगे। शी जिनपिंग जल्द ही अमेरिका की यात्रा करने वाले हैं। जानकारी के मुताबिक, वह 23 सितंबर 2026 को अमेरिका पहुंचेंगे और 24 सितंबर को व्हाइट हाउस में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात करेंगे।
इससे पहले ट्रंप जून में चीन की यात्रा कर चुके हैं। उस दौरान उन्होंने शी जिनपिंग के साथ अपनी बैठक को काफी सकारात्मक बताया था। अब दोनों नेताओं की आगामी मुलाकात पर पूरी दुनिया की नजरें टिकी हैं। माना जा रहा है कि बैठक में दोनों देशों के बीच संबंधों, व्यापार और अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हो सकती है।
और पढ़ें: ट्रंप ने आयरिश व्हिस्की पर अमेरिकी टैरिफ हटाने का किया ऐलान, बोले- हर कोई मुझसे इसे हटाने को कह रहा था
2028 के चुनाव पर ट्रंप ने क्या कहा?
डोनाल्ड ट्रंप ने 2028 में होने वाले अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव को लेकर भी अपनी राय रखी। उनसे पूछा गया कि क्या वह वर्तमान उपराष्ट्रपति जेडी वेंस की उम्मीदवारी का समर्थन करेंगे। इसके जवाब में ट्रंप ने कहा कि अभी चुनाव में काफी समय बाकी है और उनके पास कई अच्छे विकल्प मौजूद हैं।
रिपब्लिकन पार्टी की ओर से 2028 के संभावित दावेदारों में उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और विदेश मंत्री मार्को रूबियो के नाम प्रमुखता से लिए जा रहे हैं।
कनाडा को लेकर भी बोले ट्रंप
आयरलैंड से लौटते समय एयर फोर्स वन में ट्रंप ने कनाडा के साथ व्यापार वार्ता को लेकर कहा कि उसके साथ डील करना सबसे मुश्किल काम है। उन्होंने दावा किया कि कनाडा अमेरिका के साथ समझौता करने के लिए काफी उत्सुक है।
मध्य पूर्व को लेकर ट्रंप ने कहा कि उन्हें इस बात की चिंता नहीं है कि खाड़ी के अन्य देश ईरान के साथ बातचीत कर रहे हैं।
और पढ़ें: डीजल की कमी पैदा कर रहे हैं: ट्रंप ने रूसी रिफाइनरियों पर हमलों को लेकर जेलेंस्की को फटकारा