महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे के 'ऑपरेशन देवेंद्र' वाले बयान को खारिज करते हुए कहा कि उन्हें महाराष्ट्र की 14 करोड़ जनता और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व का आशीर्वाद प्राप्त है। ऐसे में उनके "पंख काटने" की बात पूरी तरह निराधार है।
रविवार को पालघर जिले के दौरे के दौरान पत्रकारों से बातचीत में फडणवीस ने कहा कि उनका पूरा ध्यान राज्य के विकास कार्यों पर है, न कि राजनीतिक अटकलों पर। उन्होंने कहा, "मैं इंसान हूं, मेरे पंख ही नहीं हैं, फिर कोई उन्हें कैसे काट सकता है? मुझे महाराष्ट्र की जनता और पार्टी नेतृत्व का पूरा समर्थन प्राप्त है, इसलिए चिंता की कोई बात नहीं है।"
दरअसल, शनिवार को एक जनसभा को संबोधित करते हुए उद्धव ठाकरे ने दावा किया था कि 'ऑपरेशन टाइगर' वास्तव में 'ऑपरेशन देवेंद्र' है, जिसका उद्देश्य मुख्यमंत्री को कमजोर करना और भविष्य में प्रधानमंत्री पद की दौड़ से बाहर करना है।
और पढ़ें: महाराष्ट्र विधानसभा में सना मलिक के इस्लामिक कानून बयान पर बवाल, यूसीसी पर तीखी बहस
फडणवीस ने मुंबई से नागपुर जाने वाली फ्लाइट में उद्धव ठाकरे के साथ यात्रा करने को लेकर उठी चर्चाओं को भी महज संयोग बताया। उन्होंने कहा कि दोनों अलग-अलग सीटों पर बैठे थे और उनके बीच कोई बातचीत नहीं हुई। मुख्यमंत्री ने राजनीतिक चर्चाओं को "वेड्यांचा बाजार" यानी "पागलों का बाजार" करार देते हुए कहा कि हर छोटी बात को बेवजह राजनीतिक रंग दिया जा रहा है।
उद्धव ठाकरे द्वारा उन्हें फ्लाइट में "बेबस" दिखने संबंधी टिप्पणी पर भी फडणवीस ने जवाब दिया। उन्होंने कहा कि उड़ान भरने से लेकर उतरने तक वह अपने मोबाइल फोन पर फिल्म या वेब सीरीज देख रहे थे। उन्होंने सवाल किया कि ऐसे में लोगों को उनके चेहरे पर बेबसी कहां दिखाई दी।
अंत में फडणवीस ने तंज कसते हुए कहा कि वह उद्धव ठाकरे की शुभकामनाएं स्वीकार करते हैं, हालांकि अगर ऐसा 2019 में हुआ होता तो शायद परिस्थितियां कुछ और होतीं।
और पढ़ें: शिवसेना (यूबीटी) को बड़ा झटका, शिंदे गुट में 6 सांसद शामिल; श्रिकांत शिंदे बोले– अभी तो ट्रेलर है, आगे और धमाके होंगे