गाजियाबाद के साहिबाबाद औद्योगिक क्षेत्र में खिलौना बनाने वाली एक फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग लगने के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। फैक्ट्री से उठता घना धुआं दूर तक दिखाई दिया, जिसके बाद दमकल विभाग को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। अधिकारियों के मुताबिक, आग पर काबू पाने के लिए कुल 10 दमकल गाड़ियां लगाई गई हैं। दमकलकर्मी लगातार पानी की बौछार कर आग बुझाने और उसे आसपास की औद्योगिक इकाइयों तक फैलने से रोकने में जुटे हैं।
बताया जा रहा है कि जिस फैक्ट्री में आग लगी, वहां खिलौनों का निर्माण किया जाता है। आग तेजी से फैलने के कारण दमकल विभाग को बड़े स्तर पर राहत एवं बचाव संसाधन मौके पर लगाने पड़े। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
और पढ़ें: बिहार के बख्तियारपुर में भीषण आग, छह महीने की बच्ची समेत तीन की जिंदा जलकर मौत
दमकलकर्मी फैक्ट्री के भीतर और आसपास के हिस्सों में आग की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। अधिकारियों की प्राथमिकता आग को पूरी तरह नियंत्रित करना और आसपास मौजूद अन्य इमारतों को सुरक्षित रखना है। अभी तक किसी के हताहत होने की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
गाजियाबाद में इस साल आग की यह पहली बड़ी घटना नहीं है। इससे पहले अप्रैल के अंत में गौर ग्रीन सोसाइटी की डी टावर में भीषण आग लगी थी। आग सुबह करीब साढ़े आठ बजे नौवीं मंजिल पर लगी और देखते ही देखते कई मंजिलों तक फैल गई थी।
उस घटना में करीब सात मंजिलें बुरी तरह प्रभावित हुई थीं। दमकलकर्मियों ने ढाई घंटे से अधिक समय तक अभियान चलाया था। घटना का संज्ञान लेते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए थे।
फिलहाल साहिबाबाद की खिलौना फैक्ट्री में लगी आग पर दमकल विभाग का अभियान जारी है और आग के पूरी तरह बुझने के बाद ही नुकसान का स्पष्ट आकलन हो सकेगा।
और पढ़ें: मुंबई की हाईराइज इमारत में भीषण आग, मासूम बच्चे समेत दो की मौत