यदि आप भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) में इंटर्नशिप करने का सपना देखते हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है। इसरो की इंटर्नशिप और स्टूडेंट ट्रेनी योजना विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के छात्रों को अंतरिक्ष अनुसंधान और अत्याधुनिक तकनीकों पर व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने का अवसर प्रदान करती है।
इस योजना के तहत विज्ञान और प्रौद्योगिकी से जुड़े विषयों में स्नातक, स्नातकोत्तर या शोध (रिसर्च) कर रहे अथवा संबंधित योग्यता रखने वाले छात्र आवेदन कर सकते हैं। हालांकि, इंटर्नशिप का आवंटन संबंधित इसरो केंद्र या इकाई में उपलब्ध सीटों के आधार पर किया जाता है।
पात्रता क्या है?
इसरो के अनुसार, आवेदन करने वाले उम्मीदवार का भारतीय नागरिक होना अनिवार्य है। अभ्यर्थी विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में स्नातक, स्नातकोत्तर या शोध कार्यक्रम से जुड़ा होना चाहिए। इसके अलावा छात्र के पास न्यूनतम 60 प्रतिशत अंक या 10 अंकों के पैमाने पर 6.32 सीजीपीए होना आवश्यक है।
और पढ़ें: गगनयान मिशन को बड़ी सफलता, इसरो ने क्रू मॉडल के तीन अहम परीक्षण सफल किए
आवेदन कैसे करें?
इच्छुक उम्मीदवारों को उस इसरो केंद्र या इकाई की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन करना होगा, जहां वे इंटर्नशिप करना चाहते हैं। आवेदन प्रक्रिया प्रत्येक केंद्र के अनुसार अलग-अलग हो सकती है। यू.आर. राव सैटेलाइट सेंटर (बेंगलुरु), स्पेस एप्लीकेशंस सेंटर (अहमदाबाद), विक्रम साराभाई अंतरिक्ष केंद्र (तिरुवनंतपुरम), सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र (श्रीहरिकोटा), भारतीय सुदूर संवेदन संस्थान (देहरादून) और आईएसटीआरैक (बेंगलुरु) सहित कई केंद्र छात्रों को इंटर्नशिप का अवसर प्रदान करते हैं।
हाल ही में क्यों चर्चा में रहा इसरो?
हाल ही में इसरो की इंटर्नशिप योजना सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई। एक तकनीकी पेशेवर ने एक्स पर पोस्ट कर आरोप लगाया कि स्नातक स्तर के इंटर्न को किसी प्रकार का वेतन (स्टाइपेंड) नहीं दिया जाता। साथ ही रहने और भोजन की सुविधा भी उपलब्ध नहीं कराई जाती। इस पोस्ट के वायरल होने के बाद कई लोगों ने बिना आर्थिक सहायता वाली इंटर्नशिप को लेकर अपनी राय व्यक्त की। हालांकि, इसरो की ओर से इस मुद्दे पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
और पढ़ें: गगनयान मिशन को बड़ी सफलता, इसरो ने SOLVE ग्राउंड टेस्ट सफलतापूर्वक पूरा किया