अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को घोषणा की कि वॉशिंगटन डी.सी. स्थित प्रतिष्ठित केनेडी सेंटर फॉर परफॉर्मिंग आर्ट्स को जुलाई से अगले दो वर्षों के लिए नवीनीकरण (रिनोवेशन) के उद्देश्य से बंद किया जाएगा। यह फैसला ऐसे समय आया है, जब ट्रंप के नेतृत्व परिवर्तन और केंद्र से जुड़े हालिया फैसलों के बाद कई नामी कलाकारों और सांस्कृतिक समूहों ने अपने कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं।
ट्रंप ने साक्षात्कार के जरिए यह जानकारी दी, हालांकि उन्होंने कलाकारों द्वारा किए गए कार्यक्रम रद्द करने का कोई उल्लेख नहीं किया। यह घोषणा ऐसे समय हुई है, जब हाल ही में प्रथम महिला पर बनी डॉक्यूमेंट्री “मेलानिया” का प्रीमियर केनेडी सेंटर में हुआ था। ट्रंप ने कहा कि यह प्रस्ताव केनेडी सेंटर के बोर्ड की मंजूरी के अधीन है, जिसका नेतृत्व स्वयं ट्रंप करते हैं और जिसमें उनके करीबी सहयोगियों को शामिल किया गया है।
अपने साक्षात्कार में ट्रंप ने दावा किया कि विशेषज्ञों की सलाह के आधार पर यह निर्णय लिया गया है और इसका उद्देश्य लंबे समय से आर्थिक और संरचनात्मक रूप से जर्जर पड़े इस केंद्र को एक “विश्व स्तरीय कला, संगीत और मनोरंजन केंद्र” में बदलना है। हालांकि, न तो ट्रंप और न ही केनेडी सेंटर के अध्यक्ष रिक ग्रेनेल ने भवन की खराब स्थिति को लेकर कोई ठोस सबूत पेश किए हैं।
और पढ़ें: ईरान से समझौते की उम्मीद जता रहे ट्रंप, बोले—नाकामी से तय होगा खामेनेई की क्षेत्रीय युद्ध चेतावनी सही थी या नहीं
केनेडी सेंटर की स्थापना 1971 में हुई थी और 1964 में इसे दिवंगत राष्ट्रपति जॉन एफ. केनेडी की स्मृति में “लिविंग मेमोरियल” का दर्जा दिया गया था। यह केंद्र नेशनल सिम्फनी ऑर्केस्ट्रा सहित कई सांस्कृतिक कार्यक्रमों का प्रमुख मंच रहा है।
ट्रंप के व्हाइट हाउस लौटने के बाद यह केंद्र उन कई ऐतिहासिक स्थलों में शामिल है, जिन पर वह अपनी छाप छोड़ना चाहते हैं। इसके विरोध में कई प्रसिद्ध कलाकारों ने अपने कार्यक्रम वापस ले लिए हैं। मशहूर संगीतकार फिलिप ग्लास ने अपनी सिम्फनी नंबर 15 “लिंकन” को यह कहते हुए वापस ले लिया कि केंद्र के वर्तमान मूल्य उनके कार्य के संदेश से टकराते हैं।
पिछले महीने वॉशिंगटन नेशनल ओपेरा ने भी केनेडी सेंटर से अपने प्रदर्शन हटाने की घोषणा की थी। वहीं, केंद्र के कलात्मक कार्यक्रम प्रमुख ने नियुक्ति के दो सप्ताह के भीतर ही अपने पद से इस्तीफा दे दिया। ट्रंप द्वारा इमारत का नाम बदलने और उस पर अपना नाम अंकित करने की योजना का कांग्रेस सदस्यों और केनेडी परिवार के कुछ सदस्यों ने भी कड़ा विरोध किया है।
और पढ़ें: डोनाल्ड ट्रंप ने केविन वार्श को फेड का अगला चेयरमैन नामित किया, जेरोम पॉवेल की होगी विदाई