देश में एलपीजी की कमी के बीच गुरुग्राम में एक बड़ी सुविधा शुरू की गई है। यहां उत्तर भारत का पहला LPG ‘गैस एटीएम’ लॉन्च किया गया है, जिससे अब लोगों को गैस सिलेंडर के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। इस मशीन के जरिए केवल 2 से 3 मिनट में भरा हुआ सिलेंडर प्राप्त किया जा सकता है।
यह स्मार्ट वेंडिंग मशीन सेंट्रल पार्क फ्लावर वैली, सेक्टर 22, सोहना में स्थापित की गई है। इसे भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) द्वारा एक पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू किया गया है।
यह मशीन पूरी तरह से ऑटोमेटेड और कॉन्टैक्टलेस है। ग्राहक अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से लॉगिन करते हैं और OTP के जरिए सत्यापन करते हैं। इसके बाद QR कोड स्कैन कर UPI के माध्यम से डिजिटल भुगतान किया जाता है। प्रक्रिया पूरी होते ही मशीन से भरा हुआ सिलेंडर बाहर आ जाता है और खाली सिलेंडर मशीन के अंदर जमा हो जाता है।
और पढ़ें: राज्यसभा में खड़गे का मज़ाकिया तंज: मोहब्बत हमसे, शादी मोदी जी से
इस एटीएम से मिलने वाले सिलेंडर पारंपरिक लोहे के सिलेंडरों से अलग हैं। ये फाइबर से बने कंपोजिट सिलेंडर होते हैं, जो हल्के, स्वच्छ और जंग-रहित होते हैं। जहां सामान्य सिलेंडर का वजन लगभग 31 किलोग्राम होता है, वहीं यह नया सिलेंडर करीब 15 किलोग्राम का है, जिससे इसे उठाना आसान हो जाता है। इसके पारदर्शी डिजाइन से गैस का स्तर भी आसानी से देखा जा सकता है।
इस मशीन की सबसे बड़ी खासियत इसकी 24×7 उपलब्धता है। ग्राहक किसी भी समय जाकर कुछ ही मिनटों में सिलेंडर प्राप्त कर सकते हैं। मशीन में एक बार में 10 सिलेंडर रखने की क्षमता है और स्टॉक कम होने पर यह गैस एजेंसी को स्वतः सूचना भेज देती है।
यह पहल गैस वितरण प्रणाली को आधुनिक बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।
और पढ़ें: चंडीगढ़ में दिनदहाड़े जिम के बाहर युवक की गोली मारकर हत्या, 24 घंटे में दूसरी फायरिंग