उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शुक्रवार रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। मानक नगर क्षेत्र की एक व्यस्त सड़क पर 23 वर्षीय युवती शालिनी मिश्रा पर एक युवक ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में शालिनी गंभीर रूप से घायल हो गईं और उन्हें तत्काल इलाज के लिए लोकबंधु अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान विकास के रूप में हुई है, जो घटना के बाद मौके से फरार हो गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शालिनी और विकास एक-दूसरे को पहले से जानते थे। कुछ अपुष्ट जानकारी के अनुसार दोनों एक ही कॉलोनी में रहते थे। हाल ही में दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर इस वारदात को अंजाम दिया।
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें विकास बीच सड़क पर शालिनी पर चाकू से हमला करता दिखाई देता है। वीडियो में आसपास मौजूद लोग आरोपी को रोकने और पुलिस को सूचना देने की कोशिश करते नजर आते हैं। लोग लगातार हमलावर से युवती को छोड़ने की अपील करते रहे, लेकिन उसने कई वार कर दिए और फिर वहां से भाग निकला।
और पढ़ें: दिल्ली और उत्तराखंड में खालिस्तानी आतंकी हमले का अलर्ट, मंदिरों और सार्वजनिक स्थानों की सुरक्षा बढ़ाई गई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल शालिनी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल उनका इलाज जारी है, हालांकि उनकी स्वास्थ्य स्थिति को लेकर कोई आधिकारिक अपडेट जारी नहीं किया गया है।
पुलिस ने आरोपी विकास के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है।
और पढ़ें: राम मंदिर चढ़ावा मामला: शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के खिलाफ एसआईटी को मिली शिकायत, जांच की मांग तेज