महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में भारी बारिश के दौरान खुले मैनहोल में गिरकर एक 60 वर्षीय व्यक्ति की मौत के मामले में बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सहायक आयुक्त समेत चार अधिकारियों को निलंबित कर दिया है। यह हादसा चांदिवली इलाके में गुरुवार को हुआ था।
बीएमसी आयुक्त अश्विनी भिड़े के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। साथ ही पूरे मामले की जांच के लिए एक उच्चस्तरीय समिति का गठन किया गया है। यह समिति सात दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। जांच समिति की अध्यक्षता अतिरिक्त नगर आयुक्त (पश्चिमी उपनगर) करेंगे।
निलंबित अधिकारियों में एल वार्ड के सहायक आयुक्त धनाजी हेरलेकर, उप अभियंता (रखरखाव) दीपक चौगुले, कनिष्ठ अभियंता (रखरखाव) अभिजीत चौगुले और सहायक अभियंता (सीवरेज संचालन) उत्तम पाटिल शामिल हैं। जांच रिपोर्ट आने तक सभी अधिकारी निलंबित रहेंगे। इसके अलावा बीएमसी संबंधित ठेकेदार के खिलाफ भी मामला दर्ज करने पर विचार कर रही है।
और पढ़ें: पंजाब कांग्रेस में फेरबदल के बाद बढ़ी अंदरूनी खींचतान, चरणजीत सिंह चन्नी नाराज़ बताए जा रहे
मृतक की पहचान यादव नगर निवासी असलम इसाक शेख (60) के रूप में हुई है। हादसे के बाद उन्हें घाटकोपर पूर्व स्थित राजावाड़ी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बीएमसी के अनुसार, असलम मोबाइल फोन पर बात करते हुए गलती से खुले मैनहोल में गिर गए थे।
मुंबई की महापौर ऋतु तावड़े ने मृतक के परिजनों को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया जाएगा और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
ऋतु तावड़े ने प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि मानसून शुरू होने से पहले मैनहोल से जुड़े सभी कार्य पूरे कर लिए जाने चाहिए थे। उन्होंने बताया कि भारी बारिश के बीच मैनहोल खोलकर सुरक्षा कवर लगाने का काम किया जा रहा था, जबकि इसका ठेका दो वर्ष पहले ही दिया जा चुका था।
गौरतलब है कि मुंबई में लगातार बारिश के बीच यह तीसरी बड़ी दुर्घटना है। इससे पहले एक स्कूल बस पर पेड़ गिरने से एक बच्चे की मौत हो गई थी, जबकि बालकनी का हिस्सा गिरने से एक अन्य व्यक्ति की जान चली गई थी।
और पढ़ें: थाईलैंड में दर्दनाक हादसा: 11 वर्षीय बच्चे की चलाई पिकअप ने भिक्षुओं को कुचला, 8 की मौत, कई घायल