राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा यानी NEET UG 2026 के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि अब करीब आ गई है। राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) ने बताया है कि NEET UG 2026 के लिए पंजीकरण प्रक्रिया 8 मार्च 2026 को बंद हो जाएगी। जो उम्मीदवार इस परीक्षा में शामिल होना चाहते हैं, वे आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर “न्यू रजिस्ट्रेशन” लिंक पर क्लिक करना होगा। इसके बाद आवश्यक विवरण भरकर आवेदन संख्या और पासवर्ड बनाना होगा। फिर लॉगिन करके आवेदन फॉर्म में मांगी गई जानकारी भरनी होगी, जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होंगे और आवेदन शुल्क जमा कर फॉर्म सबमिट करना होगा। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि फॉर्म जमा करने के बाद उसकी पीडीएफ कॉपी डाउनलोड कर उसका प्रिंटआउट सुरक्षित रखें।
आवेदन शुल्क की बात करें तो सामान्य श्रेणी के उम्मीदवारों को 1700 रुपये का शुल्क देना होगा। वहीं सामान्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी-एनसीएल) के उम्मीदवारों के लिए शुल्क 1600 रुपये निर्धारित किया गया है। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, दिव्यांग (पीडब्ल्यूबीडी) और थर्ड जेंडर उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 1000 रुपये है। विदेशी उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 9500 रुपये तय किया गया है।
और पढ़ें: JEE Main 2026 का रिजल्ट आज नहीं, कल शाम जारी होगा
NEET UG 2026 में इस बार कुछ नए सुरक्षा फीचर भी जोड़े गए हैं। अब पहचान सत्यापन के लिए आधार ई-केवाईसी अनिवार्य होगा। साथ ही आवेदन जमा करते समय उम्मीदवारों को लाइव फोटो भी कैप्चर करनी होगी, जिसे आधार फोटो से मिलान किया जाएगा। परीक्षा केंद्र का चयन उम्मीदवार द्वारा दिए गए स्थायी या वर्तमान पते के आधार पर किया जाएगा।
NEET UG 2026 की परीक्षा 3 मई 2026 को दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक एक ही शिफ्ट में आयोजित होगी। परीक्षा की अवधि 3 घंटे यानी 180 मिनट होगी। एनटीए ने स्पष्ट किया है कि आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे।
और पढ़ें: UGC NET 2025 फाइनल Answer key जारी, ऐसे करें डाउनलोड