एनवीडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जेनसन हुआंग ने ओपनएआई में कंपनी के प्रस्तावित निवेश को लेकर उठ रही अटकलों को सिरे से खारिज करते हुए कहा है कि अमेरिकी टेक दिग्गज ओपनएआई में “भारी” निवेश करने जा रहा है। उन्होंने उन खबरों को “पूरी तरह बकवास” करार दिया, जिनमें दावा किया गया था कि वह जनरेटिव एआई कंपनी ओपनएआई से नाखुश हैं।
ताइपे में शनिवार पत्रकारों से बात करते हुए हुआंग ने यह टिप्पणी उस रिपोर्ट के बाद दी, जिसमें वॉल स्ट्रीट जर्नल ने कहा था कि एनवीडिया की ओपनएआई में 100 अरब डॉलर तक निवेश करने की योजना फिलहाल ठंडे बस्ते में डाल दी गई है। अज्ञात सूत्रों के हवाले से बताया था कि एनवीडिया के भीतर कुछ लोगों ने इस सौदे को लेकर संदेह जताया है और दोनों कंपनियां साझेदारी पर पुनर्विचार कर रही हैं।
इन दावों पर प्रतिक्रिया देते हुए हुआंग ने स्पष्ट कहा, “यह पूरी तरह से निराधार बातें हैं। हम ओपनएआई में एक बहुत बड़ा निवेश करने जा रहे हैं।” उन्होंने ओपनएआई को “हमारे समय की सबसे महत्वपूर्ण कंपनियों में से एक” बताया।
और पढ़ें: अमेज़न की OpenAI में 50 अरब डॉलर निवेश की तैयारी, रणनीतिक साझेदारी विस्तार पर बातचीत
एनवीडिया प्रमुख ने यह भी कहा कि ओपनएआई के सीईओ सैम ऑल्टमैन निवेश के मौजूदा फंडिंग राउंड को अंतिम रूप दे रहे हैं और एनवीडिया निश्चित रूप से इसमें शामिल होगा। “हम बड़ी मात्रा में पैसा निवेश करेंगे, संभवतः यह अब तक का हमारा सबसे बड़ा निवेश होगा”।
एनवीडिया वर्तमान में बड़े भाषा मॉडल (LLM) को प्रशिक्षित और संचालित करने के लिए आवश्यक प्रोसेसर बाजार में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। चैटजीपीटी और गूगल जेमिनी जैसे एआई चैटबॉट्स के पीछे इन्हीं तकनीकों का उपयोग होता है। कंपनी के ग्राफिक्स प्रोसेसिंग यूनिट्स (GPU), जो मूल रूप से 3डी गेमिंग के लिए विकसित किए गए थे, ने अक्टूबर में एनवीडिया का मार्केट कैप 5 ट्रिलियन डॉलर से अधिक पहुंचा दिया था, हालांकि बाद में इसमें करीब 600 अरब डॉलर की गिरावट आई।
ओपनएआई जैसी एआई कंपनियां प्राप्त भारी निवेश का बड़ा हिस्सा एनवीडिया के GPU आधारित डेटा सेंटर्स पर खर्च कर रही हैं, ताकि भविष्य में एआई सेवाओं की बढ़ती मांग को पूरा किया जा सके।
और पढ़ें: ओपनएआई में 60 अरब डॉलर तक निवेश की तैयारी: एनवीडिया, माइक्रोसॉफ्ट और अमेज़न की बातचीत