उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। इसी कड़ी में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने बलिया में आयोजित जनसभा में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।
ओपी राजभर ने दोनों विपक्षी दलों को "दगा हुआ कारतूस" बताते हुए दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में विपक्ष का पूरी तरह सफाया हो जाएगा। उन्होंने कहा कि अगर समाजवादी पार्टी चुनाव में 27 सीटें भी जीत लेती है तो यह उसके लिए बड़ी उपलब्धि मानी जाएगी।
बलिया की जनसभा में ओपी राजभर ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने गठबंधन करके चुनाव लड़ा था, लेकिन दोनों मिलकर केवल 47 सीटें ही जीत पाए थे। उन्होंने कहा कि अब वही राजनीतिक ताकतें 2027 के चुनाव की तैयारी कर रही हैं।
और पढ़ें: मथुरा में केनरा बैंक की सुरक्षा में तैनात सिपाही की संदिग्ध मौत, पुलिस हर पहलू की जांच में जुटी
राजभर ने पूर्वांचल की सीटों को लेकर भी समाजवादी पार्टी को खुली चुनौती दी। उन्होंने कहा कि वाराणसी में विधानसभा की नौ सीटें हैं और उनके अनुसार समाजवादी पार्टी वहां अपना खाता भी नहीं खोल पाएगी। उन्होंने चंदौली का जिक्र करते हुए कहा कि वहां भी इस बार एनडीए जीत दर्ज करेगा।
उन्होंने गाजीपुर और जौनपुर का उदाहरण देते हुए दावा किया कि इन जिलों में भी विपक्ष को बड़ी चुनौती का सामना करना पड़ेगा। राजभर ने कहा कि एनडीए आगामी चुनाव में मजबूत स्थिति में है और जनता विपक्ष को नकार देगी।
ओपी राजभर के बयानों पर समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल यादव ने भी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने राजभर के लगातार दिए जा रहे बयानों पर कहा था कि उनके बोलने का कोई खास मतलब नहीं है और उन्हें इलाज की जरूरत है।
उत्तर प्रदेश की राजनीति में चुनाव से पहले नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज होता जा रहा है। 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सभी दल अपनी रणनीति मजबूत करने में जुटे हैं।
और पढ़ें: ग्रेटर नोएडा पैरामाउंट सोसायटी लूटकांड का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में 4 आरोपी गिरफ्तार, 2 घायल