भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल कर ली है। इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में खेले जा रहे एकमात्र टेस्ट मैच में मैदान पर उतरते ही मंधाना ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर का 300वां मुकाबला पूरा किया। इसके साथ ही वह महिला क्रिकेट इतिहास में 300 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाली दुनिया की सबसे कम उम्र की खिलाड़ी बन गई हैं।
स्मृति मंधाना की यह उपलब्धि उनके शानदार करियर और भारतीय महिला क्रिकेट में उनके योगदान को दर्शाती है। उन्होंने बेहद कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कदम रखा था और लगातार बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए टीम की अहम खिलाड़ी बन गईं। अपनी बल्लेबाजी, निरंतरता और नेतृत्व क्षमता के दम पर उन्होंने भारतीय टीम को कई महत्वपूर्ण मुकाबलों में मजबूती दी है।
स्मृति मंधाना खास सूची में शामिल
300 या उससे अधिक अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाली महिला क्रिकेटरों की सूची में स्मृति मंधाना 12वीं खिलाड़ी बन गई हैं। वहीं, भारतीय महिला क्रिकेट की बात करें तो वह यह मुकाम हासिल करने वाली तीसरी भारतीय क्रिकेटर हैं।
और पढ़ें: भारत बनाम इंग्लैंड तीसरा टी20 लाइव: भारत ने टॉस जीतकर चुनी गेंदबाजी, रवि बिश्नोई बाहर और प्रिंस को मौका
उनसे पहले भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर और दिग्गज बल्लेबाज मिताली राज यह उपलब्धि हासिल कर चुकी हैं। हरमनप्रीत कौर ने 374 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं, जबकि मिताली राज ने अपने करियर में 333 मुकाबलों में भारत का प्रतिनिधित्व किया है। अब स्मृति मंधाना भी इस प्रतिष्ठित सूची में शामिल हो गई हैं।
लॉर्ड्स में पहली बार महिला टेस्ट मैच
इंग्लैंड के खिलाफ यह मुकाबला महिला क्रिकेट के लिए भी ऐतिहासिक है, क्योंकि पहली बार प्रसिद्ध लॉर्ड्स मैदान पर महिला टेस्ट मैच खेला जा रहा है। इससे पहले इंग्लैंड में कई ऐतिहासिक मैदानों पर महिला टेस्ट मुकाबले खेले जा चुके हैं, लेकिन क्रिकेट के मक्का कहे जाने वाले लॉर्ड्स में यह पहला अवसर है।
इंग्लैंड में भारतीय महिला टीम का शानदार रिकॉर्ड
इंग्लैंड की धरती पर भारतीय महिला टीम का टेस्ट रिकॉर्ड बेहद प्रभावशाली रहा है। टीम इंडिया इंग्लैंड में अपना 10वां टेस्ट मैच खेल रही है। इससे पहले खेले गए 9 टेस्ट मुकाबलों में भारत ने 2 में जीत दर्ज की है, जबकि 7 मैच ड्रॉ रहे हैं। खास बात यह है कि भारतीय महिला टीम ने इंग्लैंड में अब तक कोई टेस्ट मैच नहीं गंवाया है।
और पढ़ें: अफगानिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शापूर जादरान का निधन, 39वें जन्मदिन से एक दिन पहले ली अंतिम सांस