महाराष्ट्र के पालघर जिले के बोइसर स्थित तारापुर औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार सुबह एक स्टील निर्माण कारखाने में जोरदार विस्फोट से हड़कंप मच गया। धमाका इतना तेज था कि कारखाने की टिन की छत की कई चादरें उड़ गईं और आसपास के औद्योगिक क्षेत्र में भी इसका असर दिखाई दिया। हादसे में एक 45 वर्षीय कामगार घायल हो गया, जिसका अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना सुबह करीब 10:45 बजे विराज प्रोफाइल्स प्राइवेट लिमिटेड की स्टील पिघलाने वाली इकाई में हुई। उस समय इंडक्शन फर्नेस में स्टील पिघलाने का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक तेज धमाका हुआ। हादसे में क्रेन ऑपरेटर धर्मेंद्र कुमार रामअवध शर्मा झुलस गए। उन्हें तत्काल बोइसर के स्टार लाइट अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
धमाके की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कारखाने में लगी टिन की कई चादरें क्षतिग्रस्त हो गईं। आसपास स्थित कुछ कारखानों की खिड़कियों के शीशे भी टूट गए। धमाके के बाद कामगारों में अफरा-तफरी मच गई और वे सुरक्षित स्थान की ओर भागने लगे।
और पढ़ें: महाराष्ट्र में 7,750 ऑटो-टैक्सी चालक मराठी दक्षता परीक्षा में फेल, अब दोबारा देनी होगी परीक्षा
बताया गया कि विस्फोट से करीब दो मिनट पहले खतरे का अलार्म बज गया था। अलार्म सुनते ही कारखाने में मौजूद कामगार बाहर निकल गए। इससे बड़ी जनहानि होने से बच गई।
घटना की सूचना मिलते ही तारापुर अग्निशमन दल और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस अधीक्षक यतीश देशमुख, उपविभागीय पुलिस अधिकारी और पुलिस निरीक्षक सुनील जाधव ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। औद्योगिक सुरक्षा एवं स्वास्थ्य निदेशालय के अधिकारियों ने भी जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, विस्फोट के वास्तविक कारण का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच जारी है।
और पढ़ें: महाराष्ट्र में नीट प्रदर्शनकारियों को बड़ी राहत, सरकार ने मुकदमे वापस लेने की प्रक्रिया मंजूर की