थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के उत्तर में स्थित नोनथाबुरी प्रांत के एक स्कूल में शुक्रवार सुबह हुई गोलीबारी की घटना से हड़कंप मच गया। रिपोर्टों के अनुसार, इस घटना में कम से कम 15 छात्र घायल हुए हैं, जबकि कई लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है। हालांकि मृतकों की आधिकारिक संख्या की अभी पुष्टि नहीं की गई है।
यह घटना बांग क्रुआई जिले के देबसिरिन नोनथाबुरी स्कूल में हुई। थाईलैंड के सार्वजनिक प्रसारक थाई पीबीएस ने शुरुआती रिपोर्ट में बताया कि गोलीबारी में 10 से 15 लोग घायल हुए हैं। बाद में सामने आई जानकारी के अनुसार, घायलों की संख्या कम से कम 15 बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में एक छात्र पर स्कूल परिसर में गोलीबारी करने का संदेह है। घटना की सूचना मिलते ही प्लाई बांग पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और पूरे परिसर को घेरकर सुरक्षा व्यवस्था संभाल ली। पुलिस ने कहा कि राहत और बचाव अभियान जारी है, इसलिए हताहतों की संख्या में बदलाव संभव है।
और पढ़ें: रिपोर्ट का दावा: अंधेरे में कार की पिछली सीट पर हुई ईरानी राष्ट्रपति और मोजतबा ख़ामेनेई की मुलाकात
अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि घटना के दौरान सोशल मीडिया पर लाइव प्रसारण न करें, ताकि पुलिस और आपातकालीन सेवाओं के काम में कोई बाधा न आए। सुरक्षा एजेंसियां स्कूल परिसर की पूरी तरह तलाशी ले रही हैं और स्थिति को नियंत्रण में लाने का प्रयास कर रही हैं।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि घायल छात्रों की हालत कैसी है, कितने लोगों की मौत हुई है और गोलीबारी के पीछे क्या कारण था। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और संदिग्ध छात्र से जुड़े तथ्यों को खंगाल रही है।
अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आधिकारिक पुष्टि के बाद ही मृतकों की संख्या तथा घटना के कारणों को लेकर विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।
और पढ़ें: जम्मू-कश्मीर के रामबन में सुरक्षा बैरिकेड तोड़कर भागी एसयूवी, चेतावनी फायरिंग के बाद बड़े स्तर पर तलाशी अभियान शुरू