मध्य प्रदेश के उज्जैन के माधव नगर थाना क्षेत्र के दमदमा इलाके में मामूली विवाद के बाद ट्रैक्टर शोरूम संचालक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे हुई। पुलिस ने मामले में सात आरोपियों की पहचान की है, जिनमें से चार को गिरफ्तार कर लिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, तराना निवासी 27 वर्षीय यश मित्तल अपने परिवार के साथ ऋषिनगर एक्सटेंशन में रहते थे और आगर रोड मंडी में ट्रैक्टर का शोरूम चलाते थे। गुरुवार रात वह अपने पांच दोस्तों को कार से उनके फ्लैट पर छोड़ने जा रहे थे। दमदमा मोड़ के पास सड़क पर सात-आठ युवक बाइक खड़ी कर खड़े थे। यश ने उन्हें साइड देने के लिए हॉर्न बजाया। आरोप है कि इस बात पर युवकों ने गाली-गलौज शुरू कर दी।
विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने कार के शीशे तोड़ दिए और यश तथा उसके दोस्तों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान यश को पकड़कर पेट में चाकू मारने का आरोप है। घबराए दोस्त किसी तरह वहां से भागकर माधव नगर थाने पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी।
और पढ़ें: हाथी पर सवार होकर ऑफिस पहुंचे असिस्टेंट इंजीनियर, ढोल-नगाड़ों के बीच मनाया जन्मदिन; उठे कई सवाल
पुलिस दोस्तों को लेकर घटनास्थल पहुंची, लेकिन वहां हमलावर नहीं मिले। यश का भी कोई पता नहीं चला। करीब तीन घंटे की तलाश के बाद सुबह लगभग 5 बजे जिला पंचायत कार्यालय के बाहर एक फोटोकॉपी दुकान के पीछे यश गंभीर रूप से घायल और बेहोशी की हालत में मिला। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर सात आरोपियों को चिन्हित किया है। चार आरोपियों को गिरफ्तार कर दो दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर घटना की पूरी वजह और अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
और पढ़ें: उज्जैन के बेगम बाग में फिर चला बुलडोजर, 15 अवैध इमारतें ध्वस्त