हाथी पर सवार होकर कार्यालय पहुंचे अधिकारी
मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में बिजली विभाग के एक अधिकारी की जन्मदिन पार्टी चर्चा का विषय बन गई है। पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के असिस्टेंट इंजीनियर रविकांत मालवीय का जन्मदिन कथित तौर पर रविवार को सरकारी कार्यालय परिसर में धूमधाम से मनाया गया।
बताया जा रहा है कि रविवार शासकीय अवकाश होने के बावजूद कार्यालय खुलवाया गया और वहां जन्मदिन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान असिस्टेंट इंजीनियर हाथी पर सवार होकर कार्यालय परिसर पहुंचे। उनके स्वागत में ढोल-नगाड़े बजाए गए और इसके बाद केक काटकर जश्न मनाया गया।
और पढ़ें: उज्जैन के बेगम बाग में फिर चला बुलडोजर, 15 अवैध इमारतें ध्वस्त
समारोह के वीडियो और तस्वीरें सामने आने के बाद सरकारी कार्यालय में निजी आयोजन और विभागीय कर्मचारियों की मौजूदगी को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
नकली नोटों से सजाया गया केक
जन्मदिन समारोह में केक के आसपास नोटों की गड्डियां भी दिखाई देने की बात सामने आई है। हालांकि, बताया जा रहा है कि ये नोट असली नहीं बल्कि नकली थे। इसके बावजूद आयोजन को लेकर यह सवाल उठ रहा है कि सरकारी कार्यालय परिसर में इस तरह का निजी समारोह आयोजित करने की अनुमति किस आधार पर दी गई।
छुट्टी के दिन कार्यालय खुलवाने पर सवाल
मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि रविवार को बंद रहने वाले सरकारी कार्यालय को आखिर किसकी अनुमति से खोला गया। क्या सक्षम अधिकारी से इसके लिए अनुमति ली गई थी? यदि अनुमति ली गई थी तो किस नियम के तहत कार्यालय परिसर में निजी कार्यक्रम आयोजित किया गया?
यह भी सवाल उठ रहा है कि समारोह में शामिल विभागीय कर्मचारी सरकारी ड्यूटी पर थे या निजी कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुंचे थे। यदि वे ड्यूटी पर थे तो उनकी उपस्थिति किस आधार पर दर्ज की गई, इसकी भी जांच जरूरी मानी जा रही है।
भ्रष्टाचार के आरोपों के बाद बढ़ा विवाद
मामला इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि इससे एक दिन पहले ही असिस्टेंट इंजीनियर रविकांत मालवीय से जुड़े भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों की खबर सामने आई थी। इसके तुरंत बाद सरकारी कार्यालय में भव्य जन्मदिन समारोह आयोजित होने से विभागीय कार्यप्रणाली और अधिकारी के प्रभाव को लेकर सवाल और गहरे हो गए हैं।
और पढ़ें: उज्जैन के नागचंद्रेश्वर मंदिर में भगदड़ जैसी स्थिति, कई श्रद्धालु घायल; अस्पताल में भर्ती