अभिनेता रणबीर कपूर ने अपने एक हालिया बयान को लेकर सोशल मीडिया पर हुई आलोचना के बाद सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है। उन्होंने कहा कि उस दौरान उनकी जुबान फिसल गई थी और उनका आशय कुछ और था।
यह पूरा मामला 20 अक्टूबर को पश्चिम बंगाल के कोलकाता में आयोजित एक दशहरा कार्यक्रम से जुड़ा है, जहां रणबीर कपूर ने दशहरे के महत्व पर बोलते हुए कहा था, "दशहरा हमें एक बहुत खूबसूरत बात याद दिलाता है कि बुराई चाहे कितनी भी ताकतवर क्यों न हो, आखिर में अंत सच्चाई और अच्छाई का ही होगा।" इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद रणबीर कपूर को भारी ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा।
गौरतलब है कि रणबीर कपूर आगामी फिल्म 'रामायण' में भगवान राम का किरदार निभाने जा रहे हैं। ऐसे में दशहरा कार्यक्रम में दिए गए उनके बयान को लेकर सोशल मीडिया यूजर्स ने तीखी प्रतिक्रियाएं दीं। एक यूजर ने कमेंट किया, "और भाई भगवान राम का किरदार निभा रहा है।" एक अन्य यूजर ने लिखा, "अब रामायण देखने में डर लग रहा है।" वहीं एक यूजर ने रणबीर कपूर के वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए 'डिप्रेशन' से जुड़ा एक मीम भी शेयर किया।
और पढ़ें: काजोल ने बहन तनीषा और बेटी नायसा के साथ मुंबई में मनाई दुर्गा अष्टमी
इस विवाद के बाद रणबीर कपूर ने 21 अक्टूबर को चेन्नई में सफाई दी। वे यहां अपनी फिल्म 'रामायण' के ग्रैंड म्यूजिकल इवेंट और फुल-एल्बम लॉन्च कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इसी मंच से उन्होंने कहा, "मैं कल दशहरा कार्यक्रम में हुई घटना के लिए माफी मांगना चाहता हूं। उस समय मेरी जुबान फिसल गई थी।"
रणबीर कपूर ने आगे स्पष्ट करते हुए कहा, "मैं कहना चाहता था कि बुराई चाहे कितनी भी ताकतवर क्यों न हो, आखिर में जीत सच्चाई और अच्छाई की होगी।" अपनी बात को और स्पष्ट करने के लिए उन्होंने संगीतकार एआर रहमान के साथ अपनी फिल्म 'रॉकस्टार' में किए गए काम का भी हवाला दिया। इस दौरान उन्होंने फिल्म के एक गाने की पंक्ति का जिक्र करते हुए कहा, "जो भी मैं कहना चाहूं, बर्बाद करे अल्फाज मेरे।"
रणबीर कपूर की इस सफाई के बाद प्रशंसकों और सोशल मीडिया यूजर्स की प्रतिक्रियाएं मिली-जुली रही हैं। फिल्म 'रामायण' को लेकर लोगों की उत्सुकता पहले से ही चरम पर है, और इस विवाद ने फिल्म से जुड़ी चर्चाओं को और हवा दे दी है।
और पढ़ें: बिग बॉस 20: अमन गांधी पांच हफ्ते बाद बेघर, नहीं जुटा पाए दर्शकों के वोट