प्राइम वीडियो पर ‘दुपहिया 2’ स्ट्रीम हो चुका है। सीरीज की कहानी एक बार फिर धकड़पुर की दुनिया में लौटती है, जहां रोजमर्रा की परेशानियों, छोटे शहर के हास्य और परिचित किरदारों के जरिए कहानी आगे बढ़ती है। इस सीजन में अभिनेता दिनेश लाल यादव, जिन्हें निरहुआ के नाम से भी जाना जाता है, प्रथम कुमार की भूमिका में नजर आ रहे हैं।
दिनेश लाल यादव ने बताया कि सीरीज के किरदार उन्हें बेहद अपने लगते हैं। उनके मुताबिक इन पात्रों की मासूमियत और अनजाने में उलझती परिस्थितियां उन्हें अपने गांव के लोगों और अपनी जड़ों की याद दिलाती हैं।
दिनेश लाल यादव ने कहा कि इन किरदारों की मासूमियत पूरी तरह वास्तविक लगती है। गांवों में लोग कई बार किसी परिस्थिति को जानबूझकर जटिल नहीं बनाते, लेकिन हालात अपने आप उलझ जाते हैं। उन्होंने कहा कि यही बात उन्हें अपने गांव की याद दिलाती है।
और पढ़ें: तलत अजीज के जुहू स्थित घर में लगी आग, पत्नी को बाथरूम की खिड़की से बचाया गया
अभिनेता के मुताबिक ‘दुपहिया’ के सभी किरदार दर्शकों के लिए इसलिए परिचित महसूस होते हैं क्योंकि उनमें रोजमर्रा की जिंदगी की झलक दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि यही जुड़ाव सीरीज को दर्शकों के बीच खास बनाता है।
‘दुपहिया 2’ को 5 में से 3 स्टार दिए गए हैं। समीक्षा के अनुसार दूसरा सीजन अपने देसी माहौल, पुराने किरदारों और हल्के-फुल्के हास्य के साथ कई नई कहानियां भी जोड़ता है। इनमें 5जी टावर, पेपर लीक, पुलिस जांच और पारिवारिक परेशानियां शामिल हैं।
सीरीज में गजराज राव, रेणुका शहाणे, स्पर्श श्रीवास्तव, भुवन अरोड़ा, शिवानी रघुवंशी और यशपाल शर्मा भी अपनी भूमिकाओं में लौटे हैं। हालांकि कई कहानियां एक साथ चलने के कारण कुछ हिस्सों में कहानी धीमी और बिखरी हुई महसूस हो सकती है।
सोनम नायर के निर्देशन में बनी ‘दुपहिया 2’ को सलोना बैंस जोशी और शुभ शिवदासानी ने बॉम्बे फिल्म कार्टेल एलएलपी के बैनर तले बनाया है। कहानी और पटकथा अविनाश द्विवेदी और चिराग गर्ग ने लिखी है। सीरीज अब प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम हो रही है।
और पढ़ें: 7.5 करोड़ रुपये के भुगतान पर सुप्रीम कोर्ट की राजपाल यादव को फटकार, मिली अंतिम मोहलत