फीफा विश्व कप 2026 में पुर्तगाल के दिग्गज फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने शानदार वापसी करते हुए उज्बेकिस्तान के खिलाफ दो गोल दागे और अपनी टीम को 5-0 की बड़ी जीत दिलाई। इस जीत के बाद रोनाल्डो ने आलोचकों को जवाब दिया और साथ ही अर्जेंटीना के स्टार खिलाड़ी लियोनेल मेसी के खिलाफ संभावित मुकाबले पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी।
पुर्तगाल के लिए टूर्नामेंट की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। पहले मुकाबले में डीआर कांगो के खिलाफ टीम को 1-1 की बराबरी से संतोष करना पड़ा था और रोनाल्डो भी कोई खास प्रभाव नहीं छोड़ सके थे। इसके बाद उनकी और टीम के मुख्य कोच रोबर्टो मार्टिनेज की काफी आलोचना हुई।
हालांकि, उज्बेकिस्तान के खिलाफ रोनाल्डो ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो गोल किए और पुर्तगाल की जीत में अहम भूमिका निभाई। मैच के बाद जब उनसे नॉकआउट चरण में लियोनेल मेसी की अर्जेंटीना से संभावित भिड़ंत के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, “मुझे नहीं पता कि इसका क्या जवाब दूं, लेकिन यह निश्चित रूप से शानदार होगा।”
और पढ़ें: क्या उज्बेकिस्तान के खिलाफ मैच में बेंच पर बैठेंगे क्रिस्टियानो रोनाल्डो? कोच ने दिया बड़ा बयान
रोनाल्डो ने कहा कि उनके लिए सबसे महत्वपूर्ण बात टीम की जीत और अगले दौर में पहुंचना है। उन्होंने कहा, “हमारा मुख्य लक्ष्य ग्रुप चरण से आगे बढ़ना था और हमने वह हासिल कर लिया है।”
41 वर्षीय रोनाल्डो ने डीआर कांगो के खिलाफ ड्रॉ के बाद हुई आलोचनाओं पर भी खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि यह सप्ताह उनके और टीम के लिए काफी कठिन रहा। रोनाल्डो ने कहा, “जब सब कुछ अच्छा होता है तो लोग कहते हैं कि क्रिस्टियानो शानदार खेल रहे हैं, लेकिन जब परिणाम खराब आता है तो कहा जाता है कि वह बूढ़े हो गए हैं या संन्यास ले लेना चाहिए। पिछले 23 वर्षों से मैं यही सुनता आ रहा हूं।”
उन्होंने कहा कि आलोचनाओं से उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता और टीम ने मैदान पर अपने प्रदर्शन से जवाब दिया है।
अब पुर्तगाल का अगला मुकाबला कोलंबिया से होगा। कोलंबिया छह अंकों के साथ ग्रुप में शीर्ष पर है, जबकि पुर्तगाल चार अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है। ऐसे में रोनाल्डो की टीम ग्रुप में शीर्ष स्थान हासिल करने के इरादे से मैदान में उतरेगी।
और पढ़ें: फीफा विश्व कप 2026: पुर्तगाल ने उज्बेकिस्तान पर बनाई 2-0 की बढ़त, मुश्किल में प्रतिद्वंद्वी टीम