राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के दक्षिण-पूर्वी क्षेत्र कैलाश हिल्स में आईआरएस अधिकारी की बेटी के साथ कथित दुष्कर्म और हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान 19 वर्षीय राहुल मीणा के रूप में हुई है, जिसे द्वारका स्थित एक ओयो होटल से पकड़ा गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले पीड़िता के घर में काम कर चुका था और उसे परिवार की दिनचर्या की पूरी जानकारी थी। घटना बुधवार सुबह की बताई जा रही है, जब पीड़िता के माता-पिता जिम गए हुए थे और वह घर में अकेली थी। इसी दौरान आरोपी ने मौके का फायदा उठाकर घर में प्रवेश किया।
जांच में सामने आया है कि आरोपी को घर की चाबी रखने की जगह के बारे में जानकारी थी। उसने वहीं से चाबी लेकर दरवाजा खोला और अंदर घुस गया। इसके बाद उसने युवती पर हमला किया और उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने लकड़ी से हमला कर उसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें पहुंचाईं और बाद में मोबाइल फोन के चार्जिंग केबल से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
और पढ़ें: दिल्ली में नकली ईनो और नेस्कैफे कॉफी बनाने का रैकेट बेनकाब, 4 गिरफ्तार
सीसीटीवी फुटेज में आरोपी को सुबह करीब 6:24 बजे घर के पास देखा गया है। वह पीले रंग की शर्ट पहने हुए नजर आया, जिससे जांच में अहम सुराग मिला है। पुलिस का मानना है कि आरोपी करीब 40 मिनट तक घर के अंदर रहा और फिर पास के इलाके से फरार हो गया।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद दुष्कर्म की पुष्टि होगी। मामले की जांच जारी है।
और पढ़ें: उत्तम नगर हत्याकांड: पीड़ित परिवार को आरोपी से जान से मारने की धमकी, पुलिस में शिकायत दर्ज