उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां 21 वर्षीय युवक आर्यन वर्मा खुद को भारतीय सेना का ब्रिगेडियर बताकर घूम रहा था। वह न केवल वर्दी पहनता था, बल्कि काफिला, सुरक्षा गार्ड और लग्जरी गाड़ी के साथ वरिष्ठ सैन्य अधिकारी जैसा रुतबा दिखाता था। हालांकि, असली सेना अधिकारियों ने जाल बिछाकर उसकी इस फर्जीवाड़े का पर्दाफाश कर दिया।
सेना सूत्रों के अनुसार, आर्यन वर्मा पिछले कुछ महीनों से शाहजहांपुर और आसपास के जिलों में ब्रिगेडियर की वर्दी पहनकर लोगों को प्रभावित करने की कोशिश कर रहा था। उसकी गतिविधियों पर अप्रैल से ही नजर रखी जा रही थी। जब उसके बारे में पुख्ता जानकारी मिली, तो सेना ने उसे पकड़ने के लिए योजना बनाई।
अधिकारियों ने आम नागरिक बनकर उसे शाहजहांपुर छावनी स्थित शहीद संग्रहालय में एक प्रेरक भाषण देने के लिए आमंत्रित किया। जैसे ही आर्यन वर्मा कार्यक्रम स्थल पर पहुंचा, उसे मौके पर ही हिरासत में ले लिया गया।
और पढ़ें: 13 जून 2026 को त्रयोदशी-कृत्तिका नक्षत्र का महासंयोग, शनि देव की कृपा से बदल सकता है 12 राशियों का भाग्य
बताया जा रहा है कि वह टाटा हैरियर SUV में सवार होकर आया था, जिस पर सैन्य प्रतीक चिन्ह और झंडे लगे हुए थे। उसके साथ दो व्यक्ति भी थे, जिन्हें वह एनएसजी कमांडो बताता था। जांच में पता चला कि ये सभी दावे झूठे थे।
तलाशी के दौरान उसके पास से एक कथित सरकारी पहचान पत्र, आर्मी रेजिमेंट की छड़ी और एक नकली पिस्टल भी बरामद हुई। जांच अधिकारियों को एक मेडिकल कॉलेज के डीन की मुहर वाला फर्जी आईडी कार्ड भी मिला है।
सेना की इंटेलिजेंस टीम ने मामले की जांच अपने हाथ में ले ली है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आरोपी का मकसद क्या था और वह कितने लोगों को अब तक गुमराह कर चुका था।
और पढ़ें: ब्रिटेन में भारतीय मूल के गगनदीप सिंह को 34 साल की सजा, महिला के अपहरण, बलात्कार और यातना का दोषी करार