राजस्थान की राजधानी जयपुर के झोटवाड़ा इलाके में एक रिटायर्ड रेल कर्मचारी और उनकी बेटी के शव संदिग्ध परिस्थितियों में उनके घर से बरामद हुए हैं। दोनों की मौत लगभग 5 से 6 दिन पहले होने की आशंका जताई जा रही है।
मृतकों की पहचान 95 वर्षीय सुरेश चंद्र गुप्ता और उनकी 45 वर्षीय तलाकशुदा बेटी रुचि गुप्ता के रूप में हुई है। पड़ोसियों ने घर से तेज दुर्गंध आने पर पुलिस को सूचना दी। जब पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा खुलवाया तो अंदर दोनों के शव सड़ी-गली हालत में पड़े मिले। शरीर पर किसी तरह के बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर एसएमएस अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल (FSL) जांच के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस आत्महत्या, हत्या और प्राकृतिक मौत—तीनों संभावनाओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
और पढ़ें: लखनऊ में 5 जुलाई को चिराग पासवान का बड़ा कार्यकर्ता सम्मेलन, विपक्ष के नैरेटिव पर करेंगे हमला
जानकारी के अनुसार, सुरेश चंद्र गुप्ता भारतीय रेलवे से सेवानिवृत्त थे। उनकी पत्नी का करीब 20 साल पहले निधन हो चुका था। बेटी रुचि का कुछ साल पहले तलाक हो गया था और वह अपने पिता की देखभाल कर रही थीं। परिवार के दो बेटे अलग-अलग स्थानों पर रहते हैं।
पड़ोसियों ने बताया कि पिछले कई दिनों से घर में कोई हलचल नहीं दिखी थी और दोनों को किसी ने बाहर आते-जाते नहीं देखा था। घटना की जानकारी मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
पुलिस ने घर से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं और फॉरेंसिक टीम भी जांच में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही सच्चाई सामने आएगी।
और पढ़ें: लखनऊ पहुंचे बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन, 2027 यूपी चुनाव की रणनीति पर होगा बड़ा मंथन