बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के बरूराज थाना क्षेत्र में सोमवार को स्कूल जा रही दो छात्राओं पर बाइक सवार बदमाशों ने कथित तौर पर ब्लेड से हमला कर दिया। दोनों छात्राएं इंटरमीडिएट की टेस्ट परीक्षा देने साइकिल से जा रही थीं। हमले में दोनों घायल हो गईं और उनके शरीर से खून बहने लगा। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के मुताबिक, छात्राएं मनोहर छपरा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में परीक्षा देने जा रही थीं। रास्ते में मनोहर छपरा-छत्रपट्टी के बीच चोरबन पुलिया के पास बाइक सवार बदमाश पीछे से आए और दोनों पर ब्लेड से हमला कर दिया। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घायल छात्राओं में एक के गर्दन और पीठ पर चोट आई है, जबकि दूसरी छात्रा के हाथ में ब्लेड से हमला किया गया। स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी और दोनों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
और पढ़ें: गया में रसगुल्ला बना 8 साल के बच्चे की मौत की वजह, गले में फंसने से गई जान
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही बरूराज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके अलावा अन्य साक्ष्यों के आधार पर हमलावरों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
एसडीपीओ पश्चिमी सुचित्रा कुमारी ने बताया कि स्कूल जा रही दो छात्राओं पर बाइक सवार बदमाशों द्वारा ब्लेड से हमला किए जाने की सूचना मिली है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
फिलहाल हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। घटना के बाद स्कूल जाने वाली छात्राओं और उनके परिजनों में डर का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों को पकड़ने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
और पढ़ें: वैशाली में बड़ा नाव हादसा, महात्मा गांधी सेतु के पास नाव पलटी, 10 लोगों के सवार होने की सूचना