ओडिशा के बालेश्वर जिले में शादी की दावत के दौरान मटन की जगह चिकन परोसे जाने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी हमले में बदल गया। इस घटना में कैटरिंग का काम कर रहे एक नाबालिग कर्मी पर चार नाबालिगों ने धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में उसकी गर्दन गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे पहले फकीर मोहन मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर बाद में कटक स्थित एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर अनुगोल स्थित सुधार गृह भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, यह घटना 24 जून की रात रेमुणा थाना क्षेत्र के अठांतर गांव में एक शादी समारोह के दौरान हुई। हालांकि, मामला रविवार को उस समय सामने आया जब पुलिस ने चारों नाबालिग आरोपियों को हिरासत में लिया। बताया गया कि पीड़ित नाबालिग कैटरिंग टीम के साथ भोजन परोसने का काम कर रहा था। इसी दौरान 16 से 17 वर्ष की उम्र के चार नाबालिग भोजन लेने पहुंचे और उन्होंने मटन करी की मांग की।
किसी कारणवश उन्हें मटन के स्थान पर चिकन परोस दिया गया, जिससे वे नाराज हो गए और कैटरिंग कर्मी से बहस करने लगे। उस समय मामला शांत हो गया, लेकिन पुलिस का कहना है कि चारों आरोपी बदला लेने की नीयत से वहीं रुके रहे। कुछ देर बाद जब पीड़ित समारोह से बाहर निकला तो उन्होंने उसका पीछा किया और पीछे से उसकी गर्दन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। युवक सड़क पर खून से लथपथ होकर गिर पड़ा।
और पढ़ें: हिमाचल के सबसे दुर्गम बारा भंगाल पहुंचे मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, महिलाओं के लिए पेंशन और इको-टूरिज्म विकास का ऐलान
घटना के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चारों नाबालिग आरोपियों को किशोर न्याय अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर सुधार गृह भेज दिया गया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
और पढ़ें: शेख हसीना को समर्थन देने पर भारत माफी मांगे, बांग्लादेशी सांसद नाहिद इस्लाम की नई दिल्ली पर तीखी टिप्पणी