पंजाब के गुरदासपुर में नशा तस्करों के खिलाफ आवाज उठाने वाले एक पुलिस कांस्टेबल और उनकी बहन पर कथित तौर पर हमला किया गया। बब्बेहाली इलाके में तीन से चार अज्ञात युवकों ने दोनों को रोककर मारपीट की, जिसमें उन्हें गंभीर चोटें आईं। घायलों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हमले में घायल कांस्टेबल की पहचान करणप्रीत सिंह के रूप में हुई है। उनका आरोप है कि उन्होंने पहले अपने गांव में सक्रिय नशा तस्करों के बारे में पुलिस को जानकारी दी थी। इसी वजह से आरोपी उनसे नाराज थे। करणप्रीत ने यह भी दावा किया कि इससे पहले भी उन पर हमला हो चुका था, लेकिन पुलिस ने उस मामले में कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की।
जांच अधिकारी हरविंदर सिंह के अनुसार, करणप्रीत सिंह अपनी बहन बलजिंदर कौर के साथ मोटरसाइकिल पर जा रहे थे। इसी दौरान बब्बेहाली अड्डे पर तीन से चार युवकों ने उन्हें रोक लिया और दोनों के साथ मारपीट शुरू कर दी।
और पढ़ें: पंजाब में आप नेता गुरप्रीत सिंह गोपी की गोली मारकर हत्या, हमलावरों ने बाइक का पीछा कर बरसाईं गोलियां
पुलिस के मुताबिक, घटना के समय करणप्रीत बब्बेहाली छिंज में ड्यूटी पर तैनात थे। अड्डे पर झगड़े की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। घायल कांस्टेबल और उनकी बहन को अस्पताल पहुंचाया जा चुका था।
पुलिस ने आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने कहा है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना को लेकर भाजपा नेता रवनीत सिंह बिट्टू ने आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब हो गई है और नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई के सरकारी दावे जमीन पर कमजोर साबित हो रहे हैं।
और पढ़ें: राम मंदिर ट्रस्ट को आज मिल सकता है पहला सीईओ, चार नामों पर चर्चा; 5,500 से ज्यादा लोगों ने किया था आवेदन