उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में शुक्रवार को दिनदहाड़े हुई सनसनीखेज वारदात में कुख्यात शूटर शोएब किदवई उर्फ बॉबी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह पूर्व बाहुबली नेता मुख्तार अंसारी का करीबी माना जाता था। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस ने इसे गैंगवार से जुड़ा मामला मानते हुए जांच तेज कर दी है।
जानकारी के अनुसार, 13 फरवरी को बाइक सवार हमलावरों ने लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर असैनी मोड़ के पास शोएब पर हमला किया। वह नीली बलेनो कार से लखनऊ से वापस लौट रहा था। इसी दौरान हमलावरों ने उसकी कार को घेरकर करीब 10 गोलियां दाग दीं। गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना इतनी अचानक हुई कि आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और हमलावर मौके से फरार हो गए।
शोएब बाराबंकी के कोतवाली क्षेत्र का रहने वाला था और उसके खिलाफ 5-6 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे। इनमें 1999 में लखनऊ जेलर आर.के. तिवारी की हत्या का हाई-प्रोफाइल मामला भी शामिल था, जिसमें वह मुख्य आरोपी था। हाल के वर्षों में वह बाराबंकी में वकालत भी कर रहा था, लेकिन पुलिस के मुताबिक उसका संबंध अंसारी गैंग से बना हुआ था।
और पढ़ें: दहेज उत्पीड़न: यूपी में युवक ने 6 साल में तीन शादियां कर पत्नियों को छोड़ा, मामला दर्ज
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेरकर फॉरेंसिक टीम को जांच के लिए बुलाया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए नाकाबंदी भी कर दी है।
गौरतलब है कि मुख्तार अंसारी की 28 मार्च 2024 को मौत हो गई थी। उनकी मौत के बाद से उनके गैंग से जुड़े विवाद और आपसी रंजिशें बढ़ने की आशंका जताई जा रही थी। शोएब की हत्या ने एक बार फिर पूर्वांचल में गैंगवार की आशंका को हवा दे दी है।
और पढ़ें: 9 साल के प्रेम संबंध के बाद शादी, फिर खौफनाक अंत: पत्नी ने माता-पिता की मदद से पति की गला घोंटकर हत्या की