सीतामढ़ी के डुमरा थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह अपराधियों ने जिला परिषद सदस्य के पति और जिला परिषद प्रतिनिधि बैद्यनाथ महतो की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना रामपट्टी चौक स्थित श्मशान घाट के पास हुई। बताया जा रहा है कि बैद्यनाथ महतो सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान घात लगाए बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी। गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या की खबर फैलते ही इलाके में तनाव फैल गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर जमा हो गए। लोगों ने जमकर हंगामा किया और पुलिस टीम के साथ धक्का-मुक्की भी हुई। सूचना मिलने पर सीतामढ़ी के एसपी अमित रंजन, सदर डीएसपी और सदर एसडीएम आनंद कुमार समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा।
हंगामे के दौरान भीड़ ने पुलिस टीम को दौड़ा दिया और एसपी की गाड़ी में तोड़फोड़ कर दी। पुलिस इंस्पेक्टर अनिल कुमार के घायल होने की भी सूचना है। इसके अलावा भीड़ ने एक आरोपी एजाज के मुर्गी फार्म में आग लगा दी।
और पढ़ें: बिहटा के परेव सोन नदी में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़, 62 राउंड फायरिंग; एक बदमाश गिरफ्तार
पहले भी जताया था जान का खतरा
बताया जा रहा है कि बैद्यनाथ महतो ने कुछ दिन पहले ही अपने ऊपर फायरिंग और जान से मारने की कोशिश का आरोप लगाया था। उन्होंने पुलिस से कार्रवाई की मांग करते हुए कहा था कि कुछ लोग लगातार उन पर हमला करने का प्रयास कर रहे हैं।
कार्रवाई नहीं होने से नाराज लोगों ने 7 सितंबर को डुमरा थाना पहुंचकर प्रदर्शन किया था। इस दौरान जांच अधिकारी पर पैसे लेने के गंभीर आरोप भी लगाए गए थे। बैद्यनाथ महतो और प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए थे।
फिलहाल पुलिस घटनास्थल की जांच कर रही है। हत्या के पीछे पुरानी रंजिश या पूर्व विवाद की आशंका जताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच के बाद ही घटना का खुलासा होगा।
और पढ़ें: कुत्ते का मुंह टेप से बंद कर बिहार के घर में चोरी, लाखों के जेवर और नकदी ले उड़े चोर