ईद-उल-फितर से पहले अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच जारी संघर्ष में अस्थायी विराम की घोषणा की गई है। अफगानिस्तान सरकार के प्रवक्ता जबीउल्लाह मुजाहिद ने बुधवार को बयान जारी कर इसकी पुष्टि की। इससे पहले पाकिस्तान ने भी सीमित समय के लिए हमले रोकने का ऐलान किया था। दोनों देशों ने कहा कि यह कदम सऊदी अरब, तुर्की और कतर के अनुरोध पर उठाया गया है।
यह घोषणा ऐसे समय में हुई है जब दो दिन पहले अफगानिस्तान ने पाकिस्तान पर काबुल में एक ड्रग उपचार अस्पताल पर हवाई हमला करने का आरोप लगाया था, जिसमें सैकड़ों लोगों की मौत होने की बात कही गई।
फरवरी के अंत से शुरू हुए इस संघर्ष में दोनों देशों के बीच सीमा पार झड़पें और हवाई हमले लगातार जारी रहे हैं। पाकिस्तान ने आरोप लगाया है कि अफगानिस्तान अपनी जमीन पर पाकिस्तानी तालिबान जैसे उग्रवादियों को शरण देता है, जो पाकिस्तान में हमले करते हैं। हालांकि काबुल ने इन आरोपों को खारिज किया है।
और पढ़ें: जलालाबाद में पाकिस्तानी लड़ाकू विमान को अफगान बलों ने गिराया, पायलट जीवित पकड़ा गया
बुधवार को काबुल में एक कब्रिस्तान के बाहर एंबुलेंस की कतारें देखी गईं, जहां मृतकों का अंतिम संस्कार किया गया। कई शवों को उनके गृह प्रांतों में भेजा गया। सोमवार रात करीब 9 बजे 2000 बेड वाले ‘ओमिद’ अस्पताल पर हमला हुआ था, जो हाल ही में नशा मुक्ति केंद्र के रूप में विकसित किया गया था।
इस अस्थायी संघर्ष विराम से उम्मीद है कि क्षेत्र में तनाव कुछ कम होगा और मानवीय सहायता कार्यों को गति मिलेगी।
और पढ़ें: अफगानिस्तान-पाकिस्तान संघर्ष: पाक का F-16 गिराया गया, शाहबाज ने घोषित किया खुला युद्ध