महाराष्ट्र के भिवंडी ग्रामीण क्षेत्र में एक ही रात दो अलग-अलग स्थानों पर भीषण आग लगने की घटनाओं से हड़कंप मच गया। निंबवली और येवई गांव की सीमा में हुई इन घटनाओं में कई गोदाम जलकर पूरी तरह राख हो गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि दोनों हादसों में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। शुरुआती अनुमान के अनुसार आग से लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
पहली घटना निंबवली गांव में तड़के करीब तीन बजे हुई। यहां एक टायर गोदाम, लकड़ी की वखार और प्लास्टिक गोदाम में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के सात से आठ गोदाम इसकी चपेट में आ गए। सभी गोदामों में रखा सामान जलकर राख हो गया।
घटनास्थल के पास एक गैस एजेंसी भी स्थित होने के कारण कुछ समय तक इलाके में दहशत का माहौल बना रहा। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की दो दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच की जा रही है।
और पढ़ें: ऑपरेशन सिंदूर पर राजनाथ सिंह के बयान को लेकर वायरल दावे भ्रामक, रक्षा मंत्रालय ने किया खंडन
इसी रात दूसरी घटना येवई गांव में सामने आई, जहां लकड़ी की एक बड़ी वखार में भीषण आग लग गई। गोदाम में भारी मात्रा में लकड़ी का भंडारण होने के कारण आग तेजी से फैल गई और पूरा गोदाम जलकर खाक हो गया। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान चलाया।
गोदाम के मालिक शोएब दोस्त मनियार ने बताया कि स्थानीय लोगों ने उन्हें आग लगने की सूचना दी। उनके अनुसार, यह गोदाम लकड़ी और प्लास्टिक के पैलेट बनाने तथा उनके भंडारण का कारोबार करता है। इस आगजनी में उन्हें लगभग 15 से 20 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। पुलिस और अग्निशमन विभाग आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच में जुटे हैं।
और पढ़ें: लंदन में तेलंगाना के छात्र की रहस्यमयी मौत, जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने के बाद मिला शव