ब्रिटिश एयरवेज की BA295 उड़ान सोमवार को लंदन से शिकागो जाते समय अचानक करीब 28 हजार फीट नीचे आ गई। विमान आयरलैंड के ऊपर उड़ रहा था, तभी उसने इमरजेंसी घोषित की और बाद में उसे वापस लंदन की ओर मोड़ दिया गया। घटना के कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
यह उड़ान लंदन हीथ्रो एयरपोर्ट से शिकागो ओ'हारे एयरपोर्ट के लिए संचालित की जा रही थी। विमान उस समय करीब 37 हजार फीट की ऊंचाई पर था। अचानक इसकी ऊंचाई घटकर लगभग 9 हजार फीट रह गई। उड़ान की निगरानी करने वाली वेबसाइट फ्लाइटरडार24 के अनुसार, विमान ने आपात स्थिति का संकेत देने वाला 7700 स्क्वॉक कोड प्रसारित किया।
विमान को करीब 28 हजार फीट नीचे आने के बाद वापस लंदन की ओर मोड़ दिया गया। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि विमान को इतनी तेजी से नीचे लाने की जरूरत क्यों पड़ी। संबंधित अधिकारियों की ओर से घटना को लेकर अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
और पढ़ें: 186 यात्रियों को लेकर जा रही मलेशिया एयरलाइंस की उड़ान की चेन्नई में इमरजेंसी लैंडिंग, इंजन में आई खराबी
यह विमान बोइंग 777-200ईआर था और इसका पंजीकरण जी-वीआईआईए बताया गया है। विमान ने स्थानीय समयानुसार सुबह 11:50 बजे लंदन से शिकागो के लिए उड़ान भरी थी। इसे करीब 8 घंटे 40 मिनट में शिकागो पहुंचना था। हालांकि, यात्रा शुरू होने के लगभग एक घंटे बाद ही विमान का मार्ग बदल दिया गया और उसे वापस लंदन भेजा गया।
क्या होता है 7700 इमरजेंसी कोड?
स्क्वॉक चार अंकों का पहचान कोड होता है, जिसे विमान का ट्रांसपोंडर हवाई यातायात नियंत्रकों को भेजता है। जब कोई विमान 7700 कोड प्रसारित करता है, तो इसका मतलब सामान्य आपात स्थिति होता है। हालांकि, यह कोड आपात स्थिति की वास्तविक वजह नहीं बताता। इसलिए BA295 में अचानक ऊंचाई कम करने का सटीक कारण अभी सामने नहीं आया है।
और पढ़ें: लंदन जाने वाली फ्लाइट की बेंगलुरु एयरपोर्ट पर तकनीकी खराबी के कारण इमरजेंसी लैंडिंग