अफ्रीकी देश कांगो के पूर्वी हिस्से में एक दर्दनाक अग्निकांड में कम से कम 26 छात्रों की मौत हो गई और दर्जनों लोग घायल हो गए। यह हादसा दक्षिण किवु प्रांत के बकावु शहर में हुआ, जहां एक घर से शुरू हुई आग देखते ही देखते पास के दो स्कूलों तक फैल गई। मृतकों में 19 लड़कियां और सात लड़के शामिल हैं। प्रशासन ने आशंका जताई है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।
स्थानीय प्रशासक मोइसे लुबाला के अनुसार, आग फुराहा सेकेंडरी स्कूल और पास स्थित उजामा प्राइमरी स्कूल तक पहुंची। फुराहा स्कूल में कई छात्र आग के बीच फंस गए। कुछ की मौत दम घुटने से हुई, जबकि बाहर निकलने की कोशिश में भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई।
लुबाला ने बताया कि स्कूल से बाहर निकलने का रास्ता बेहद संकरा था। कुछ छात्रों ने खिड़कियों से छलांग लगाने की कोशिश की, जबकि अन्य दरवाजे की ओर भागे। भीड़ बढ़ने के कारण कई छात्र गिर गए और कुछ पैरों तले कुचले गए।
और पढ़ें: शेयर बाजार में बड़ी गिरावट, सेंसेक्स 593 अंक टूटा; निफ्टी 23,300 के नीचे
घायलों को स्कूल की यूनिफॉर्म में न्यामुलागिरा बीडीओएम हेल्थ सेंटर पहुंचाया गया। वहां मौजूद नर्स सिजा जीन-बैप्टिस्ट ने बताया कि घायलों की संख्या इतनी अधिक थी कि मेडिकल स्टाफ के लिए सटीक आंकड़ा जुटाना मुश्किल हो गया था।
बकावु पर नियंत्रण रखने वाले एम23 के प्रवक्ता लॉरेंस कन्युका ने पहले 24 छात्रों की मौत और 29 लोगों के अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी दी थी। बाद में दक्षिण किवु सरकार ने मृतकों की संख्या 26 बताई।
आग की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। घनी आबादी और लकड़ी से बने घरों के कारण आग तेजी से फैलने की बात सामने आई है। प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
और पढ़ें: तमिलनाडु के वेल्लोर में निर्माणाधीन चर्च की छत गिरी, 3 मजदूरों की मौत; 11 घायल