मध्य प्रदेश के दतिया में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) सतीश वसुनिया को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। घटना सिविल लाइन इलाके में स्थित उनके सरकारी बंगले के बाहर की है। पुलिस ने सीजेएम की शिकायत के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, घटना 23 जुलाई की सुबह करीब 9 बजे हुई। उस समय सीजेएम सतीश वसुनिया अपने सरकारी आवास पर मौजूद थे। इसी दौरान न्यायालय का एक कर्मचारी बंगले पर पहुंचा और उसने सीजेएम को बताया कि बाहर खड़ा एक व्यक्ति गाली-गलौज कर रहा है और उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहा है।
आरोप है कि संदिग्ध व्यक्ति ने कर्मचारी से कहा कि वह पहले ही चार लोगों की हत्या कर चुका है और अब सीजेएम को भी मारना चाहता है। उसने कर्मचारी से कथित तौर पर कहा कि साहब को बाहर बुलाया जाए। घटना की जानकारी मिलने के बाद सीजेएम बंगले से बाहर आए, लेकिन तब तक संदिग्ध मौके से फरार हो चुका था।
और पढ़ें: उज्जैन महाकाल दर्शन को जा रहे परिवार की कार डंपर से टकराई, मां-बेटे और बहू की मौत
शिकायत में संदिग्ध की उम्र करीब 30 से 35 वर्ष बताई गई है। घटना के समय उसने सफेद रंग की टी-शर्ट और काले रंग का लोअर पहन रखा था। पुलिस इसी हुलिए के आधार पर उसकी पहचान करने की कोशिश कर रही है।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 351(3) के तहत प्रकरण दर्ज किया है। जांच के तहत पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अधिकारी यह पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि संदिग्ध कौन था और वह सीजेएम के आवास तक कैसे पहुंचा।
और पढ़ें: मध्य प्रदेश में बारिश का कहर, सीएम मोहन यादव ने बचाव अभियान तेज करने के दिए निर्देश