भारतीय-अमेरिकी और उदारवादी डेमोक्रेट नेता अमिश शाह ने अमेरिका के एरिजोना राज्य के प्रथम कांग्रेस जिले से डेमोक्रेटिक पार्टी का प्राथमिक चुनाव जीत लिया है। उन्होंने कड़े मुकाबले में डेमोक्रेटिक कांग्रेसनल कैंपेन कमेटी (डीसीसीसी) समर्थित उम्मीदवार मार्लीन गैलन-वूड्स को हराया।
अमिश शाह एरिजोना हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स के तीन बार सदस्य रह चुके हैं। पेशे से वह आपातकालीन चिकित्सा विशेषज्ञ (इमरजेंसी मेडिसिन डॉक्टर) हैं और चुनाव प्रचार के अपने जमीनी अंदाज के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अपने अभियान के दौरान घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क किया और करीब 28,000 घरों तक पहुंच बनाई।
शाह की जीत को डेमोक्रेटिक पार्टी के भीतर एक महत्वपूर्ण सफलता के रूप में देखा जा रहा है, क्योंकि उन्होंने पार्टी के स्थापित समर्थन वाले उम्मीदवार को हराकर अपनी मजबूत पकड़ साबित की है। उनके अभियान में स्थानीय मुद्दों, स्वास्थ्य सेवाओं और समुदाय से सीधे संवाद पर विशेष जोर दिया गया था।
और पढ़ें: ईरान नीति को लेकर ट्रंप प्रशासन में मतभेद, वेंस और रुबियो के बयानों में अंतर आया सामने
अब नवंबर में होने वाले अमेरिकी कांग्रेस चुनाव में अमिश शाह का मुकाबला रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार जे फीली से होगा। फीली पूर्व एनएफएल खिलाड़ी और किकर रह चुके हैं। उन्हें अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का समर्थन प्राप्त उम्मीदवार माना जा रहा है।
अमेरिका में भारतीय मूल के नेताओं की बढ़ती भागीदारी के बीच अमिश शाह की जीत को भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वह उन भारतीय-अमेरिकी राजनेताओं में शामिल हो गए हैं, जो अमेरिकी राजनीति में अपनी पहचान मजबूत कर रहे हैं।
एरिजोना का प्रथम कांग्रेस जिला आगामी आम चुनाव में एक महत्वपूर्ण सीट माना जा रहा है। अब सभी की नजरें नवंबर में होने वाले मुकाबले पर होंगी, जहां शाह डेमोक्रेटिक उम्मीदवार के रूप में चुनावी मैदान में उतरेंगे और रिपब्लिकन उम्मीदवार जे फीली को चुनौती देंगे।
और पढ़ें: अमेरिकी सीनेट का ईरान युद्ध रोकने के पक्ष में प्रस्ताव पारित, डोनाल्ड ट्रंप को बड़ा झटका