इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने गुरुवार को भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बातचीत की और उन्हें इजरायल के स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने का निमंत्रण दिया। उन्होंने भारतीय पायलट स्मित मच्छार के साथ समारोह में मशाल जलाने के लिए पीएम मोदी को आमंत्रित किया। नेतन्याहू ने स्मित मच्छार को बहादुर बताते हुए उनके साहस की सराहना की।
नेतन्याहू ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने निमंत्रण के लिए उनका धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि भारत और इजरायल जमीन और आसमान, दोनों जगह आतंकवाद के खिलाफ मिलकर लड़ रहे हैं। नेतन्याहू ने दोनों देशों के दशकों पुराने मजबूत संबंधों का भी उल्लेख किया।
पश्चिम एशिया के हालात पर हुई चर्चा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी फोन पर हुई बातचीत की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों में जारी प्रगति की समीक्षा की और विशेष रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
और पढ़ें: राष्ट्रपति मुर्मु, उपराष्ट्रपति और पीएम मोदी ने विजयादशमी की दी शुभकामनाएं, सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने का किया आह्वान
मोदी ने बताया कि बातचीत के दौरान पश्चिम एशिया के हालिया घटनाक्रम पर भी विचारों का आदान-प्रदान हुआ। दोनों नेताओं ने क्षेत्र में शांति और स्थिरता बहाल करने की तत्काल आवश्यकता पर जोर दिया। प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, मोदी ने समस्या के समाधान के लिए संवाद और कूटनीति को आगे बढ़ाने की भारत की प्रतिबद्धता दोहराई।
फरवरी में इजरायल गए थे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 25 और 26 फरवरी को इजरायल की राजकीय यात्रा की थी। उस दौरान दोनों देशों ने अपनी रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाकर ‘शांति, नवाचार और समृद्धि के लिए विशेष रणनीतिक साझेदारी’ के स्तर पर ले जाने का निर्णय किया था।
मोदी ने तब कहा था कि पश्चिम एशिया में शांति और स्थिरता भारत के सुरक्षा हितों से जुड़ी हुई है। उन्होंने गाजा शांति पहल के लिए भारत के समर्थन को भी दोहराया था।
स्मित मच्छार की बहादुरी की नेतन्याहू ने की थी तारीफ
इस महीने की शुरुआत में नेतन्याहू ने भारतीय पायलट स्मित मच्छार को पूरी दुनिया का नायक बताया था। आरोप है कि दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान एफजेड1073 में सह-पायलट ने विमान को दुर्घटनाग्रस्त करने की कोशिश की थी। पिछले महीने कॉकपिट में हुए हमले के दौरान कैप्टन स्मित मच्छार गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस घटना में उनके साहस की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा हुई।
और पढ़ें: मोरबी की राजमाता विजयकुंवरबा के निधन पर प्रधानमंत्री मोदी ने जताया शोक