प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क के साथ गुरुवार को हुई बातचीत के बाद बताया कि दोनों देशों ने भारत-पोलैंड स्टार्टअप ब्रिज स्थापित करने और युवाओं को ध्यान में रखते हुए तकनीकी हैकथॉन आयोजित करने पर सहमति जताई है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क के साथ उत्कृष्ट बातचीत हुई। हमने अपनी रणनीतिक साझेदारी की प्रगति की समीक्षा की और व्यापार एवं निवेश, रक्षा एवं अंतरिक्ष, परमाणु ऊर्जा तथा महत्वपूर्ण खनिजों जैसे क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की। हमने क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचार साझा किए।"
उन्होंने कहा, "हमने प्रौद्योगिकी, नवाचार और लोगों के बीच आपसी संपर्क में भारत-पोलैंड संबंधों को गहरा करने के तरीकों पर भी चर्चा की। हमने भारत-पोलैंड स्टार्टअप ब्रिज स्थापित करने और अपने युवाओं के लिए तकनीकी हैकथॉन आयोजित करने पर सहमति जताई है। हम कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), साइबर सुरक्षा, शिक्षा, संस्कृति, खेल और पर्यटन में भी सहयोग का विस्तार करेंगे।"
और पढ़ें: पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क 21-23 अक्टूबर तक भारत दौरे पर, पीएम मोदी से होगी द्विपक्षीय वार्ता
प्रधानमंत्री मोदी ने यह भी बताया कि दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना की वर्षगांठ के उपलक्ष्य में हर साल 30 मार्च को पोलैंड-भारत भागीदारी दिवस मनाया जाएगा।
पोलैंड के प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी एक आधिकारिक बयान में डोनाल्ड टस्क के हवाले से कहा गया, "हमारी पारंपरिक उद्योगों में ही नहीं, बल्कि अंतरिक्ष, डिजिटलीकरण और ड्रोन क्षेत्रों में भी सहयोग की महत्वाकांक्षी योजनाएं हैं।"
इस दौरे पर पोलैंड के वित्त एवं अर्थव्यवस्था मंत्री आंद्रेय डोमांस्की भी प्रतिनिधिमंडल के साथ मौजूद थे। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच व्यावसायिक आदान-प्रदान वर्ष 2030 तक "कम से कम दोगुना" हो जाएगा।
इससे पहले, प्रधानमंत्री मोदी के साथ संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में डोनाल्ड टस्क ने कहा कि उन्हें प्रधानमंत्री मोदी को अपना "मित्र" कहने पर "गर्व" महसूस होता है। उन्होंने भारत की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सकारात्मक भूमिका की सराहना करते हुए भारत को "अस्थिरता, अनिश्चितता, राजनीतिक अनिश्चितता के इस दौर में उम्मीद की किरण" बताया।
टस्क ने कहा, "हम वैश्विक संदर्भ में आपकी, प्रधानमंत्री के रूप में, जो भूमिका है, उसकी सराहना और कद्र करते हैं और यह अस्थिरता, अनिश्चितता के इस दौर में उम्मीद की निशानी है। भारत जैसे शक्तिशाली देश के प्रधानमंत्री के रूप में आप जैसा कोई व्यक्ति हम सबके लिए आशा की किरण है, और मुझे वास्तव में बहुत गर्व है कि मैं खुद को आपका मित्र कह सकता हूं।"
और पढ़ें: दुर्गा अष्टमी और महानवमी पर पीएम मोदी, अमित शाह और राजनाथ सिंह ने दी देशवासियों को शुभकामनाएं