कृत्रिम बुद्धिमत्ता के क्षेत्र में बड़ी प्रगति करते हुए ओपनएआई ने अपने एक अप्रकाशित फ्रंटियर एआई मॉडल से तैयार किए गए सैकड़ों गणितीय परिणाम सार्वजनिक किए हैं। इनमें गणित और सैद्धांतिक कंप्यूटर विज्ञान की लंबे समय से अनसुलझी समस्याओं पर किया गया शोध भी शामिल है।
ओपनएआई ने मंगलवार, 6 अक्टूबर को घोषणा की कि वह अपने आंतरिक फ्रंटियर मॉडल से तैयार किए गए गणितीय परिणामों की एक विस्तृत श्रृंखला जारी कर रही है। यह घोषणा ऐसे समय हुई है जब कंपनी हाल के महीनों में गणितीय शोध के क्षेत्र में कई उपलब्धियों का दावा कर चुकी है।
कुछ सप्ताह पहले ओपनएआई ने दावा किया था कि उसके एआई मॉडल ने नेवियर-स्टोक्स अस्तित्व और स्मूथनेस समस्या को हल कर दिया है। यह समस्या गणित की सात मिलेनियम पुरस्कार समस्याओं में शामिल है। इन समस्याओं में से प्रत्येक के समाधान के लिए क्ले मैथमेटिक्स इंस्टीट्यूट ने 10 लाख डॉलर के पुरस्कार की घोषणा कर रखी है।
और पढ़ें: सैम ऑल्टमैन बोले- एआई के कुछ नुकसान झेलने पड़ सकते हैं, लेकिन फायदे ज्यादा होंगे
सैम ऑल्टमैन के नेतृत्व वाली ओपनएआई ने इस बार कुल 722 पांडुलिपियां सार्वजनिक की हैं। कंपनी के मुताबिक, ये पांडुलिपियां 372 समूहों के परिणामों में विभाजित हैं। इनमें गणित और सैद्धांतिक कंप्यूटर विज्ञान की सैकड़ों खुली समस्याओं के समाधान या उनमें महत्वपूर्ण प्रगति से संबंधित निष्कर्ष शामिल हैं।
कंपनी ने इन शोध परिणामों को एक गिटहब रिपॉजिटरी में प्रकाशित किया है। इसके साथ शोधपत्रों में संशोधन और उनके संदर्भ देने के लिए निर्धारित प्रक्रियाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। इससे शोधकर्ताओं को इन परिणामों की समीक्षा करने, आगे अध्ययन करने और भविष्य के शोध में उनका संदर्भ देने में मदद मिल सकती है।
ओपनएआई का यह कदम एआई के बढ़ते इस्तेमाल को केवल सामान्य सवालों के जवाब देने या सामग्री तैयार करने तक सीमित नहीं रहने देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कंपनी द्वारा जारी शोध से यह भी संकेत मिलता है कि उन्नत एआई मॉडल जटिल गणितीय और सैद्धांतिक समस्याओं पर शोध में सहायता करने में सक्षम हो रहे हैं।
और पढ़ें: ओपनएआई के सुरक्षा कर्मचारी ने दिया इस्तीफा, एआई के लिए परमाणु संयंत्र जैसे सुरक्षा मानकों की मांग