पाकिस्तान ने गुरुवार तड़के अफगानिस्तान में 10 ठिकानों पर हवाई और ड्रोन हमले करने का दावा किया। पाकिस्तान के अनुसार, इन ठिकानों का इस्तेमाल एक दिन पहले उसके खिलाफ ड्रोन हमले शुरू करने के लिए किया गया था। इस कार्रवाई से दोनों पड़ोसी देशों के बीच तनाव और बढ़ गया है।
पाकिस्तान के सूचना मंत्री अत्ताउल्लाह तरार ने इन हमलों की जानकारी दी। पाकिस्तानी अधिकारियों के मुताबिक, अफगान तालिबान बलों ने पाकिस्तान की सीमा चौकियों पर गोलाबारी के साथ आठ ड्रोन भेजे थे। अधिकारियों ने दावा किया कि इससे पहले पाकिस्तानी सैनिकों ने सीमा पार से घुसपैठ की कोशिश कर रहे आतंकवादियों को रोक दिया था।
काबुल की ओर से पाकिस्तान के ताजा हमलों पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई।
और पढ़ें: पाकिस्तान ने अफगानिस्तान में फिर किया हवाई हमला, तीन की मौत और कई घायल
पाकिस्तान ने आत्मरक्षा का दिया हवाला
अत्ताउल्लाह तरार ने कहा कि अफगानिस्तान से 23 सितंबर को भेजे गए ड्रोन पाकिस्तान की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का उल्लंघन थे। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने आत्मरक्षा के अपने अधिकार के तहत 10 ठिकानों को निशाना बनाया।
तरार के मुताबिक, कार्रवाई योजनाबद्ध, सटीक और सीमित थी तथा केवल उन सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया, जिनका कथित तौर पर पाकिस्तान के खिलाफ ड्रोन हमलों से सीधा संबंध था।
उन्होंने चेतावनी दी कि पाकिस्तान अफगानिस्तान की जमीन से आतंकवादी संगठनों या तालिबान अधिकारियों द्वारा किए जाने वाले हमलों को स्वीकार नहीं करेगा। उन्होंने अफगान तालिबान से पाकिस्तान के खिलाफ सभी शत्रुतापूर्ण गतिविधियां रोकने और आतंकवादी संगठनों के खिलाफ ठोस एवं सत्यापन योग्य कार्रवाई करने की मांग की।
अफगानिस्तान ने जवाब देने की कही थी बात
इससे पहले 21 सितंबर को अफगानिस्तान ने कुनार और पक्तिका प्रांतों में पाकिस्तानी हवाई हमलों की निंदा करते हुए उचित जवाब देने की बात कही थी। अफगान सरकार के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने पाकिस्तान पर नागरिक इलाकों को निशाना बनाने का आरोप लगाया था। उनके अनुसार, कुनार में तीन नागरिक मारे गए और चार घायल हुए।
पाकिस्तान और अफगान तालिबान के बीच संबंधों में लगातार तनाव बना हुआ है। इस्लामाबाद का आरोप है कि काबुल तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के खिलाफ पर्याप्त कार्रवाई नहीं कर रहा। पाकिस्तान का कहना है कि टीटीपी अफगान क्षेत्र से प्रशिक्षण लेकर उसके अंदर हमले करता है।
तनाव के बीच खैबर पख्तूनख्वा के कोहाट में पुराने पुलिस लाइंस पर हुए हमले में 23 लोगों की मौत और करीब 100 लोग घायल हुए थे। बाद की कार्रवाई में आठ आतंकवादी मारे गए थे।
और पढ़ें: जमशेदपुर में भीषण सड़क हादसा, मंत्री दीपिका पांडे सिंह की बेटी समेत चार युवाओं की मौत