अमेरिकी कांग्रेस के सदस्य राजा कृष्णमूर्ति ने अमेरिका में बढ़ते ध्रुवीकरण पर गहरी चिंता जताते हुए कहा है कि सरकार के शीर्ष नेतृत्व की बयानबाज़ी अल्पसंख्यक समुदायों के खिलाफ शत्रुता को बढ़ावा दे रही है और इससे घृणा अपराधों को पनपने का माहौल बन रहा है। इलिनॉय से सांसद कृष्णमूर्ति ने कहा कि वरिष्ठ अधिकारी विभिन्न समुदायों को हाशिये पर धकेल रहे हैं, जिससे वास्तविक जीवन में हिंसा को बढ़ावा मिल रहा है।
कृष्णमूर्ति ने कहा, "हां, मुझे लगता है कि आज का अमेरिका पहले से कहीं ज़्यादा ध्रुवीकृत है। इसकी एक बड़ी वजह यह है कि सरकार का शीर्ष नेतृत्व लोगों को बांट रहा है। वे मुस्लिमों, भारतीयों या समलैंगिकों जैसे समूहों को निशाना बना रहे हैं और उन्हें खलनायक के रूप में पेश कर रहे हैं।"
सरकार की विभाजनकारी बयानबाज़ी के प्रत्यक्ष परिणामों को दर्शाने के लिए कृष्णमूर्ति ने गृह सुरक्षा विभाग (डीएचएस) की एक हालिया विवादास्पद सोशल मीडिया पोस्ट का हवाला दिया, जिसमें प्रवासियों को निशाना बनाया गया था और जिसके तुरंत बाद एक सिख ड्राइवर पर भयावह हमला हुआ। डीएचएस ने व्यापक आलोचना के बाद एक्स पर पोस्ट की गई वह कार्टून तस्वीर हटा दी थी, जिसमें ट्रांसफॉर्मर्स के पात्र ऑप्टिमस प्राइम को एक दाढ़ी वाले सिख व्यक्ति के सामने दिखाया गया था और लिखा था, "हमारी सड़कों से हट जाइए, मिस्टर सिंह, आपको गाड़ी चलानी नहीं आती।" पोस्ट पर यह भी लिखा था, "खुद देश छोड़ दीजिए या नतीजा भुगतिए।"
और पढ़ें: ट्रंप ने रूसी तेल-गैस पर प्रतिबंधों में दी छूट, भारत और चीन को बड़ी राहत
कृष्णमूर्ति ने कहा, "इसका सबसे अच्छा उदाहरण गृह सुरक्षा विभाग का वह ट्वीट है, जिसमें उन्होंने अपने आधिकारिक अकाउंट से एक कथित 'मिस्टर सिंह' को निशाना बनाते हुए कहा था कि खुद देश छोड़ दीजिए वरना नतीजा भुगतिए। और जैसी आशंका थी, ठीक एक हफ्ते बाद मिस्टर सिंह नाम के एक सिख ट्रक ड्राइवर पर 17 बार चाकू से वार किया गया और वह मौत के बेहद करीब पहुंच गए।"
कृष्णमूर्ति ने कहा कि देशभर में घृणा अपराधों की इस लहर को रोकने के लिए संघीय नेतृत्व को तुरंत जवाबदेही लेनी होगी। उन्होंने कहा, "अगर हमें घृणा के इस भयावह सिलसिले को रोकना है, तो इसे शीर्ष स्तर से ही रोकना होगा। एक बार ऐसा हो जाए, तो मुझे लगता है हालात बेहतर होंगे, हालांकि सरकार के हर स्तर पर हमें इसके खिलाफ एकजुट खड़ा होना होगा।"
कृष्णमूर्ति की यह टिप्पणी शिकागो के पास इलिनॉय के ऑरोरा स्थित श्री वेंकटेश्वर स्वामी (बालाजी) मंदिर में भारतीय-अमेरिकियों को निशाना बनाकर कथित सामूहिक गोलीबारी की साजिश से जुड़ी चिंताओं के बीच आई है, जहां कृष्णमूर्ति और उनका परिवार पूजा कर रहे थे। 19 वर्षीय एलेक्जेंड्रोस पापोराकिस को आतंकवादी धमकी देने और अवैध हथियार रखने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
द न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, डीएचएस की इस कार्टून पोस्ट की भारतीय-अमेरिकी संगठनों और डेमोक्रेटिक सांसदों ने कड़ी निंदा की थी और इसे सिख अमेरिकियों के खिलाफ नस्लीय भेदभाव करार दिया था। डीएचएस ने एक बयान में कहा कि यह ग्राफिक हरजिंदर सिंह नामक भारतीय नागरिक से जुड़ा था, जिन पर फ्लोरिडा टर्नपाइक पर हुई एक दुर्घटना में तीन लोगों की मौत के मामले में वाहन हत्या का आरोप है। विभाग ने जनता के आक्रोश को "बेतुकी बकवास" करार दिया। रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि यह घटना 11 सितंबर के हमलों की 25वीं बरसी के साथ हुई, जिसने जनाक्रोश को और बढ़ा दिया।
और पढ़ें: मेरे राष्ट्रपति… माफ कीजिए, मेरे पति, पहली प्रेस ब्रीफिंग में कैटी जकारिया की जुबान फिसली