दक्षिण प्रशांत महासागर में ऑस्ट्रेलिया के पास स्थित वानुआतु द्वीप समूह में शनिवार सुबह लगातार तीन भूकंप आए। इन झटकों के बाद स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई और अधिकारियों ने सुनामी की चेतावनी जारी कर दी। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (यूएसजीएस) के अनुसार, तीनों भूकंप कुछ ही मिनटों के अंतराल पर आए। फिलहाल किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है।
यूएसजीएस के मुताबिक, पहला भूकंप भारतीय समयानुसार सुबह लगभग 8 बजकर 12 मिनट पर आया। इसकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 7.2 दर्ज की गई। इसका केंद्र तोरबा प्रांत के सोला गांव से लगभग 200 किलोमीटर पश्चिम में था।
इसके कुछ ही मिनट बाद दूसरा भूकंप आया, जिसकी तीव्रता 6.9 मापी गई। इसका केंद्र सानमा प्रांत के एस्पिरिटू सैंटो द्वीप पर स्थित पोर्ट ओलरी गांव से लगभग 197 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में था।
और पढ़ें: ऑस्ट्रेलिया के पास वानुआतु द्वीप समूह में कुछ ही सेकंड के अंतराल पर दो भूकंप, सुनामी की चेतावनी जारी
दूसरे भूकंप के करीब 11 मिनट बाद तीसरा झटका महसूस किया गया। यूएसजीएस के अनुसार, इसकी तीव्रता 6.3 थी और इसका केंद्र पोर्ट ओलरी से लगभग 170 किलोमीटर दूर था। यह भूकंप समुद्र तल से करीब 10 किलोमीटर की गहराई पर आया। विशेषज्ञों ने इसे कम गहराई वाला भूकंप बताया है, जिसके झटके व्यापक क्षेत्र में महसूस किए जा सकते हैं।
सुनामी की चेतावनी, नुकसान की सूचना नहीं
लगातार तीन शक्तिशाली भूकंप आने के बाद अधिकारियों ने सुनामी का अलर्ट जारी किया और समुद्री गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू कर दी। स्थानीय लोगों को सावधानी बरतने तथा प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, इमारतों, बुनियादी ढांचे या लोगों को हुए नुकसान की कोई पुष्टि नहीं हुई है।
भूकंप के लिहाज से संवेदनशील क्षेत्र है वानुआतु
वानुआतु प्रशांत महासागर के ‘रिंग ऑफ फायर’ क्षेत्र में स्थित है। यहां ऑस्ट्रेलियाई टेक्टोनिक प्लेट प्रशांत प्लेट के नीचे धंसती है। इसी भूगर्भीय गतिविधि के कारण इस क्षेत्र में भूकंप आने की आशंका बनी रहती है।
भूकंप और सुनामी की जानकारी देने वाले स्वतंत्र संगठन जियोशेक के अनुसार, पिछले 30 दिनों में वानुआतु में 70 से अधिक भूकंप दर्ज किए गए हैं। इससे पहले 20 अक्टूबर को भी यहां 6.3 तीव्रता का भूकंप आया था। उसका केंद्र पोर्ट ओलरी से लगभग 197 किलोमीटर दूर और 16 किलोमीटर की गहराई पर था। उस घटना में नुकसान की सूचना नहीं मिली थी और सुनामी की चेतावनी भी जारी नहीं की गई थी।
फिलहाल अधिकारी ताजा भूकंपों के बाद स्थिति पर नजर रख रहे हैं।
और पढ़ें: ऑस्ट्रेलिया के पास वानुआतु द्वीप समूह में कुछ ही सेकंड के अंतराल पर दो भूकंप, सुनामी की चेतावनी जारी