अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर बड़ा बयान देते हुए कहा है कि अमेरिका अब तेहरान के खिलाफ आगे की कार्रवाई पर फैसला करेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि नतीजा ‘आसान रास्ते’ से आएगा या फिर ‘मुश्किल रास्ते’ से। ट्रंप ने दावा किया कि ईरान बुरी तरह तबाह हो चुका है।
व्हाइट हाउस के बाहर पत्रकारों से बातचीत में ट्रंप ने कहा कि ईरान को लेकर फैसला उन्हें ही करना है। उन्होंने कहा, “ईरान तबाह हो चुका है। अब सवाल सिर्फ यह है कि यह आसान रास्ते से होगा या मुश्किल रास्ते से।” हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि अमेरिका ईरान के खिलाफ आगे कौन से कदम उठाने की तैयारी कर रहा है।
ट्रंप ने कहा कि ईरान की स्थिति अच्छी नहीं है और घटनाक्रम सही दिशा में आगे बढ़ रहा है। जब उनसे अमेरिका की आगामी रणनीति के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि अगर वह अपनी योजना बता देंगे तो यह बड़ी खबर बन जाएगी। उन्होंने संकेत दिया कि जल्द ही उनकी अगली कार्रवाई सामने आ सकती है।
और पढ़ें: टेक्सास के बिग बेंड क्षेत्र में ट्रंप प्रशासन की सीमा दीवार परियोजना पर अदालत ने लगाई अस्थायी रोक
इससे पहले ट्रंप ने कहा था कि ईरान के साथ युद्ध बहुत जल्द समाप्त हो सकता है। उन्होंने दावा किया था कि संघर्ष खत्म होने के बाद तेल की कीमतों में तेजी से गिरावट आएगी। टेक्सास में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि ईरान के सामने संघर्ष समाप्त करने के लिए निर्णायक विकल्प है।
ट्रंप ने ईरान की आर्थिक और सैन्य स्थिति को बेहद कमजोर बताते हुए कहा कि देश में महंगाई 301 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है और उसके पास धन तथा मजबूत मुद्रा नहीं है। उन्होंने दावा किया कि ईरान की सेना हार चुकी है और उसकी नौसेना तथा वायुसेना भी खत्म हो गई है।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि किसी भी तरह यह संघर्ष बहुत जल्द समाप्त होगा और इसके बाद तेल की कीमतें तेजी से नीचे आएंगी।
ट्रंप के ताजा बयान ऐसे समय आए हैं जब अमेरिका ईरान पर लगातार दबाव बढ़ा रहा है। तेहरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकना अमेरिकी नीति की प्रमुख प्राथमिकताओं में बना हुआ है।
और पढ़ें: फ्लाईदुबई विमान को गिराने की कोशिश में ईरान से संभावित संबंध की जांच, ट्रंप ने दी कड़ी कार्रवाई की चेतावनी