अमेरिका और क्यूबा के बीच बढ़ते तनाव के बीच अमेरिकी नौसेना का शक्तिशाली विमानवाहक पोत यूएसएस निमित्ज़ कैरेबियन सागर पहुंच गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, यह तैनाती ऐसे समय में हुई है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने क्यूबा के खिलाफ आक्रामक बयानबाजी तेज कर दी है और कार्रवाई की चेतावनी दी है।
अमेरिकी दक्षिणी कमान (साउथकॉम), जो कैरेबियन और लैटिन अमेरिका में अमेरिकी सैन्य अभियानों की निगरानी करती है, ने इस तैनाती की पुष्टि की। साउथकॉम ने कहा कि यूएसएस निमित्ज़ दुनिया भर में लोकतंत्र की रक्षा और स्थिरता बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुका है।
यूएसएस निमित्ज़ के साथ उसका स्ट्राइक ग्रुप भी तैनात किया गया है। इसमें एफ/ए-18ई सुपर हॉर्नेट लड़ाकू विमान, ईए-18जी ग्रोलर, सी-2ए ग्रेहाउंड विमान, यूएसएस ग्रिडली विध्वंसक जहाज और यूएसएनएस पैटक्सेंट सपोर्ट पोत शामिल हैं।
और पढ़ें: संयुक्त राष्ट्र में भारत का पाकिस्तान पर तीखा हमला, आतंकवाद और नागरिक हत्याओं को लेकर घेरा
गौरतलब है कि यूएसएस निमित्ज़ को वर्ष 1975 में अमेरिकी नौसेना में शामिल किया गया था। हाल ही में इस युद्धपोत ने ब्राजील नौसेना के साथ रियो डी जेनेरो के तट पर संयुक्त नौसैनिक अभ्यास भी किया था।
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि क्यूबा “हमारी निगाहों में है।” यह बयान ऐसे समय आया जब अमेरिकी न्याय विभाग ने क्यूबा के पूर्व राष्ट्रपति राउल कास्त्रो पर 1996 में दो नागरिक विमानों को मार गिराने के मामले में हत्या सहित कई आरोप लगाए।
वहीं, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने क्यूबा की कम्युनिस्ट सरकार पर बिजली संकट और आर्थिक समस्याओं का आरोप लगाया। सीआईए निदेशक जॉन रैटक्लिफ ने भी हाल ही में क्यूबा अधिकारियों से मुलाकात कर चेतावनी दी कि बातचीत का अवसर हमेशा खुला नहीं रहेगा।
और पढ़ें: पश्चिम बंगाल के फाल्टा विधानसभा क्षेत्र में पुनर्मतदान शुरू, कड़ी सुरक्षा के बीच 285 बूथों पर वोटिंग