अमेरिका ने दावा किया है कि उसने ओमान की खाड़ी में एक ईरानी जहाज को अपने हिरासत में ले लिया है, जब वह अमेरिकी नौसैनिक नाकाबंदी को तोड़ने की कोशिश कर रहा था। यह जानकारी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दिया।
गौरतलब है कि तेहरान द्वारा होर्मुज जलडमरूमध्य को बाधित करने की कोशिश के बाद अमेरिका ने ईरानी बंदरगाहों पर नाकाबंदी लगा दी थी। ट्रंप ने अपने बयान में कहा कि “टूस्का” नामक ईरानी झंडे वाला मालवाहक जहाज, जिसकी लंबाई लगभग 900 फीट थी, अमेरिकी नाकाबंदी को पार करने की कोशिश कर रहा था।
उन्होंने बताया कि अमेरिकी नौसेना के गाइडेड मिसाइल विध्वंसक यूएसएस स्प्रुएंस ने इस जहाज को ओमान की खाड़ी में रोका और उसे चेतावनी दी। हालांकि, ईरानी चालक दल ने चेतावनी को नजरअंदाज कर दिया। इसके बाद अमेरिकी नौसेना ने जहाज के इंजन कक्ष में हमला कर उसे रोक दिया।
और पढ़ें: ईरान ने अमेरिका से इस्लामाबाद वार्ता ठुकराई, अवास्तविक मांगों और होर्मुज नाकाबंदी को बताया कारण
ट्रंप के अनुसार, वर्तमान में अमेरिकी मरीन इस जहाज को अपने कब्जे में लिए हुए है। उन्होंने यह भी कहा कि टूस्का पर पहले से ही अवैध गतिविधियों के कारण अमेरिकी ट्रेजरी के प्रतिबंध लगे हुए थे और अब जहाज की तलाशी ली जा रही है।
इस घटना की पुष्टि ईरान के हजरत खातम अल-अंबिया सैन्य मुख्यालय ने भी की है। ईरानी सरकार के अनुसार, तेहरान ने इसे अमेरिका की आक्रामक कार्रवाई और समुद्री डकैती करार दिया है।
ईरान ने आरोप लगाया कि अमेरिका ने युद्धविराम का उल्लंघन करते हुए उसके वाणिज्यिक जहाज पर हमला किया और उसके नेविगेशन सिस्टम को निष्क्रिय कर दिया। साथ ही, ईरान ने चेतावनी दी है कि उसकी सशस्त्र सेनाएं जल्द ही इस कार्रवाई का जवाब देंगी।
और पढ़ें: श्रीनगर एयरपोर्ट पर अमेरिकी नागरिक हिरासत में, प्रतिबंधित सैटेलाइट डिवाइस मिलने से हड़कंप