नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए तीन मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज के पहले मुकाबले में भारत ने अफगानिस्तान को सात विकेट से हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। भारत की जीत के हीरो अभिषेक शर्मा रहे, जिन्होंने सिर्फ 32 गेंदों पर 82 रनों की विस्फोटक पारी खेली।
टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी अफगानिस्तान की शुरुआत बेहद खराब रही। सलामी बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज और इब्राहिम जादरान भारतीय गेंदबाजों के सामने संघर्ष करते नजर आए। जसप्रीत बुमराह ने पारी की शुरुआत में पांच वाइड दिए, लेकिन इसके बाद गुरबाज को पवेलियन भेज दिया। अभिषेक शर्मा ने उनका आसान कैच पकड़ा।
इसके बाद अफगानिस्तान ने महज पांच रन के अंदर चार विकेट गंवा दिए। भारतीय गेंदबाजों ने मध्यक्रम पर भी दबाव बनाए रखा। हालांकि, अजमतुल्लाह उमरजई और मोहम्मद नबी ने 83 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी कर टीम को संकट से बाहर निकाला। नबी ने 27 गेंदों पर 33 रन बनाए, जबकि उमरजई 44 गेंदों पर नाबाद 64 रन बनाकर लौटे। इसके दम पर अफगानिस्तान ने 20 ओवर में 156 रन बनाए।
और पढ़ें: भारत-अफगानिस्तान पहला टी20: दिल्ली में भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी
भारत की ओर से अर्शदीप सिंह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट हासिल किए। चोट से वापसी कर रहे जसप्रीत बुमराह ने चार ओवर में 26 रन देकर एक विकेट लिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को संजू सैमसन के रूप में शुरुआती झटका लगा। वह 10 गेंदों पर आठ रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद अभिषेक शर्मा और ईशान किशन ने मोर्चा संभाल लिया।
अभिषेक ने अफगान गेंदबाजों की जमकर धुनाई करते हुए महज 22 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और 32 गेंदों पर 82 रन बनाए। ईशान किशन ने 42 रनों की उपयोगी पारी खेली। इसके बाद श्रेयस अय्यर और तिलक वर्मा ने टीम को जीत तक पहुंचाया।
भारत ने लक्ष्य 32 गेंद शेष रहते हासिल कर लिया। इस जीत के साथ भारत ने तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली।
और पढ़ें: भारत-अफगानिस्तान पहला टी20 तय कार्यक्रम के अनुसार होगा, दिल्ली पुलिस की अपील के बाद डीडीसीए ने किया साफ