एयर इंडिया के एक पायलट को ज्यूरिख एयरपोर्ट पर ब्रीथ एनालाइजर टेस्ट में कथित तौर पर शराब के सेवन की पुष्टि होने के बाद ड्यूटी से हटा दिया गया है। घटना 6 सितंबर की है, जब पायलट को ज्यूरिख से दिल्ली जाने वाली एयर इंडिया की उड़ान एआई151 संचालित करनी थी।
अधिकारियों के अनुसार, एयरपोर्ट पर पायलट के मुंह से शराब की गंध आने के बाद एयर इंडिया के अधिकारियों ने स्थानीय प्रशासन को इसकी जानकारी दी। स्थानीय अधिकारियों ने प्रारंभिक ब्रीथ एनालाइजर जांच की, जिसके बाद पायलट को उड़ान संचालित करने से तत्काल रोक दिया गया। उसे आगे की चिकित्सकीय जांच के लिए भेजा गया।
बाद में पायलट को यात्री के रूप में भारत वापस भेज दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि अंतिम मेडिकल जांच रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने तक वह निलंबित रहेगा। जांच के निष्कर्षों के आधार पर उचित अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। एयर इंडिया ने इस मामले में फिलहाल कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
और पढ़ें: तकनीकी समस्या के संदेह में दिल्ली लौटी काठमांडू जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट
स्विट्जरलैंड के फेडरल ऑफिस ऑफ सिविल एविएशन (एफओसीए) के प्रवक्ता ने बताया कि लागू राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय नियमों के तहत जरूरी कदम उठाए गए। मामले की जानकारी एयरलाइन और भारत के नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) को भी दी गई। इसके परिणामस्वरूप एआई151 उड़ान निर्धारित समय पर संचालित नहीं हो सकी।
यह घटना एयर इंडिया के पायलटों से जुड़े हालिया अनुपालन मामलों के बीच सामने आई है। इससे कुछ दिन पहले एयर इंडिया ने फुकेत-दिल्ली उड़ान के कमांडर पायलट की सेवाएं समाप्त कर दी थीं। जांच में उसके साइकोएक्टिव पदार्थ के सेवन की पुष्टि हुई थी।
4 अगस्त को संचालित फुकेत-दिल्ली उड़ान से जुड़ी प्रारंभिक रिपोर्ट में विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो ने पायलट के नशीले पदार्थ के सेवन को गंभीर चिंता का विषय बताया था। A320 विमान में 145 लोग सवार थे और उड़ान के दौरान विमान ने करीब 300 फीट ऊंचाई खो दी थी। इस घटना में 24 लोग घायल हुए थे।
एयर इंडिया के अधिकारियों के मुताबिक, एयरलाइन पायलटों की अनिवार्य जांच के साथ सुरक्षा अनुपालन की निगरानी और प्रशिक्षण कार्यक्रमों को मजबूत कर रही है।
और पढ़ें: दिल्ली एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन प्रक्रिया में बड़ी चूक, एयर इंडिया को कारण बताओ नोटिस