राजस्थान के अलवर में नगर निकाय चुनाव के मतदान से ठीक पहले वोटों की कथित खरीद-फरोख्त को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। शहर के वार्ड नंबर 42 के दिवाकरी इलाके का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें कलाकंद के डिब्बों में मिठाई के साथ 500-500 रुपये के नोट रखे दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
बताया जा रहा है कि मंगलवार देर रात करीब एक बजे दिवाकरी इलाके में एक कार काफी देर से घूम रही थी। कुछ लोगों को वाहन पर संदेह हुआ और उन्होंने उसका पीछा किया। इसके बाद आरजे 14 सीएम 6770 नंबर की कार एक स्थान पर खड़ी मिली।
दावा है कि कार में मौजूद कुछ लोग मिठाई के डिब्बे निकाल रहे थे। इसी दौरान वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। भीड़ को देखकर कथित तौर पर कार में सवार लोग वाहन और मिठाई के डिब्बे वहीं छोड़कर फरार हो गए।
और पढ़ें: बांसवाड़ा नगर निकाय चुनाव में भाजपा का खाता खुला, सोनिया वैष्णव निर्विरोध निर्वाचित
मौके पर मौजूद लोगों ने जब डिब्बे खोले तो उनमें कलाकंद के साथ 500-500 रुपये के नोट रखे होने का दावा किया। यह भी कहा गया कि डिब्बों पर कांग्रेस प्रत्याशी दुलीचंद बैरवा की तस्वीर वाला स्टीकर लगा था। घटना की सूचना पुलिस को दिए जाने की बात सामने आई, लेकिन वैशाली नगर थाना पुलिस ने ऐसी घटना की जानकारी होने से इनकार किया है।
वायरल वीडियो पर कांग्रेस प्रत्याशी दुलीचंद बैरवा ने इसे फर्जी बताया। उनका कहना है कि ऐसा वीडियो किसी के खिलाफ भी बनाया जा सकता है। वहीं, बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी सुमित वर्मा ने बैरवा पर वोट के बदले पैसे बांटने का गंभीर आरोप लगाया है।
मतदान से ठीक पहले सामने आए इस मामले ने वार्ड नंबर 42 का चुनावी माहौल गरमा दिया है। अब जांच में यह स्पष्ट होना बाकी है कि डिब्बे कहां से आए, उनमें रखे पैसे किसके थे और प्रत्याशी के नाम वाला स्टीकर वहां कैसे पहुंचा। मामले की वास्तविक स्थिति जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी।
और पढ़ें: नोएडा एयरपोर्ट पर पहली बार उतरे रूसी सेना के तीन विमान, पुतिन की यात्रा से जोड़कर देखा जा रहा कदम