बिहार पुलिस की आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने बिहार शिक्षा सेवा के अधिकारी अजय कुमार सिंह के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। जांच के दौरान उनकी ज्ञात आय से करीब 3 करोड़ 43 लाख 78 हजार 300 रुपये अधिक संपत्ति होने के प्रथमदृष्टया साक्ष्य मिले हैं। यह राशि उनकी ज्ञात आय से लगभग 90.04 प्रतिशत अधिक बताई गई है।
20 अगस्त 2026 को ईओयू की अलग-अलग टीमों ने अजय कुमार सिंह से जुड़े पटना और बेगूसराय के तीन ठिकानों पर एक साथ तलाशी ली। इनमें पटना के खाजपुरा स्थित चंद्रतारा भवन, बिहार मुक्त विद्यालयी शिक्षण एवं परीक्षा बोर्ड, मिठापुर स्थित उनका कार्यालय और बेगूसराय के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के परोरा गांव स्थित पैतृक मकान शामिल हैं।
तलाशी के दौरान बेगूसराय स्थित पैतृक मकान से 15.50 लाख रुपये नकद और करीब 9.50 लाख रुपये के आभूषण मिले। इसके अलावा जमीन से संबंधित 11 डीड, बैंक पासबुक और आभूषण खरीद की रसीदें बरामद की गईं। वहां दो जेसीबी, दो ट्रैक्टर, एक बोलेरो और एक बड़ा डीजी सेट भी मिला, जिनके स्वामित्व की जांच की जा रही है।
और पढ़ें: बिहार राज्यपाल सचिवालय के चार स्टेनोग्राफरों की सेवा समाप्त, दक्षता परीक्षा में लगातार रहे अनुपस्थित
पटना स्थित आवास से 10.38 लाख रुपये नकद बरामद हुए। यहां करीब 41.81 लाख रुपये के आभूषण भी मिले। जांच में नोएडा के सेक्टर-142 में 1,442 वर्गफुट के फ्लैट की बुकिंग से जुड़े दस्तावेज सामने आए, जिसके लिए 60 लाख रुपये से अधिक भुगतान किए जाने की जानकारी है।
ईओयू को आठ बैंक खातों से संबंधित पासबुक और एटीएम कार्ड भी मिले, जिनमें करीब 18.50 लाख रुपये जमा बताए गए हैं। इसके अलावा एलआईसी और अन्य बीमा कंपनियों की पांच पॉलिसियों, म्यूचुअल फंड निवेश और वाहनों से जुड़े दस्तावेज भी बरामद किए गए।
जांच एजेंसी के मुताबिक, पटना में अजय कुमार सिंह का जी+2 मकान भी मिला है, जिसका मूल्यांकन कराया जाएगा। ईओयू ने कहा है कि दस्तावेजों और संपत्तियों के विस्तृत विश्लेषण के बाद आय से अधिक संपत्ति की राशि बढ़ सकती है। मामले की जानकारी शिक्षा विभाग को भी दी जा रही है।
और पढ़ें: बिहार में शिक्षक भर्ती परीक्षा का नोटिफिकेशन 24 घंटे में जारी करने की मांग, मंत्री के घर घेराव की चेतावनी