बिजनौर में नए पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई ने कार्यभार संभालते ही ध्वनि प्रदूषण को लेकर सख्त रुख अपनाया है। धार्मिक स्थलों पर निर्धारित मानकों से अधिक आवाज में लाउडस्पीकर बजाने के मामलों में अब पुलिस कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में एक मस्जिद से तेज आवाज में अजान की सूचना मिलने के बाद एसपी ने मौके का निरीक्षण कराया और लाउडस्पीकर उतरवाने के निर्देश दिए।
दरअसल, कृष्ण कुमार बिश्नोई जेल का निरीक्षण करने पहुंचे थे। इसी दौरान जेल के आसपास स्थित एक मस्जिद से तेज आवाज में अजान सुनाई दी। मामले की जानकारी मिलते ही उन्होंने पुलिस अधिकारियों को मौके पर भेजा। जांच के बाद मस्जिद की मीनार पर लगे लाउडस्पीकर को उतरवा दिया गया।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य किसी विशेष धर्म को निशाना बनाना नहीं, बल्कि ध्वनि प्रदूषण से जुड़े नियमों का सभी धार्मिक स्थलों पर समान रूप से पालन कराना है। मंदिरों में तेज आवाज में भजन-कीर्तन हो या मस्जिदों में अजान और नमाज के लिए लाउडस्पीकर का इस्तेमाल, सभी को शासन और न्यायालय द्वारा निर्धारित नियमों का पालन करना होगा।
और पढ़ें: तिलक वर्मा ने जताई भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट खेलने की इच्छा, बोले- लाल गेंद का क्रिकेट मेरी ताकत है
एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने कहा कि पुलिस का फोकस यह सुनिश्चित करना है कि धार्मिक स्थलों से निकलने वाली आवाज निर्धारित मानकों के भीतर रहे और आसपास रहने वाले लोगों को अनावश्यक परेशानी न हो।
गौरतलब है कि कृष्ण कुमार बिश्नोई का हाल ही में संभल से तबादला हुआ था और अब उन्हें बिजनौर का एसपी बनाया गया है। नियमों के अनुसार, रिहायशी क्षेत्रों में दिन के समय ध्वनि सीमा 55 डेसिबल और रात में 45 डेसिबल है। वाणिज्यिक क्षेत्रों में यह सीमा दिन में 65 और रात में 55 डेसिबल निर्धारित है।
और पढ़ें: ओपी राजभर ने अखिलेश यादव के PDA नारे पर कसा तंज, बोले- P 2017, D 2022 और A 2027 की हार