जंतर-मंतर पर चल रहे कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। राजधानी में वीकेंड के दौरान शराब की सभी दुकानें सामान्य समय से दो घंटे पहले रात 8 बजे बंद कर दी जाएंगी।
एक वरिष्ठ दिल्ली सरकार अधिकारी ने बताया कि यह फैसला दिल्ली पुलिस से मिले इनपुट के आधार पर लिया गया है। पुलिस ने जंतर-मंतर पर जारी प्रदर्शन और मौजूदा हालात को देखते हुए सुरक्षा कारणों से यह सुझाव दिया था। आमतौर पर दिल्ली में शराब की दुकानें रात 10 बजे तक खुली रहती हैं।
सीजेपी कार्यकर्ता केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे हैं। यह प्रदर्शन नीट पेपर लीक और परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर जारी है।
और पढ़ें: सीजेपी प्रदर्शन के बीच कनॉट प्लेस की दुकानें और कार्यालय आज शाम 6:30 बजे तक बंद करने के निर्देश
इस बीच दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने भी सुरक्षा कारणों से शनिवार को राजधानी के 18 मेट्रो स्टेशनों को बंद रखने का फैसला किया है। बंद रहने वाले स्टेशनों में लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, केंद्रीय सचिवालय, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग, शिवाजी स्टेडियम, झंडेवालान और नई दिल्ली शामिल हैं।
वहीं, दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर पर निगरानी बढ़ा दी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, फेसियल रिकग्निशन सिस्टम (एफआरएस) के जरिए प्रदर्शन स्थल पर पिछले तीन दिनों में 2,500 से अधिक ऐसे लोगों की पहचान की गई है, जिनका आपराधिक रिकॉर्ड है।
पुलिस का दावा है कि कुछ असामाजिक तत्व भीड़ में शामिल होकर कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश कर सकते हैं। इन लोगों की पहचान 21, 22 और 23 जुलाई के बीच की गई। पुलिस ने अब तक इस मामले में 15 एफआईआर दर्ज की हैं।
दिल्ली पुलिस ने बताया कि एफआरएस सिस्टम सामान्य प्रदर्शनकारियों की पहचान के लिए नहीं, बल्कि वांछित अपराधियों, फरार आरोपियों, हिस्ट्रीशीटर और बदमाशों की पहचान के लिए लगाया गया है।
इस बीच केंद्रीय मंत्रिमंडल ने पेपर लीक मामलों पर सख्त कार्रवाई के लिए एक नए विधेयक को मंजूरी दे दी है। इसमें संगठित पेपर लीक के मामलों में अधिकतम 10 साल की जेल और 10 करोड़ रुपये तक के जुर्माने का प्रस्ताव है। यह विधेयक संसद के आगामी सत्र में पेश किया जाएगा।
और पढ़ें: जंतर-मंतर के पास फिर झड़प, पथराव में एसीपी घायल; पुलिस ने जांच तेज की